Site icon Samagra Bharat News website

बजट को कांग्रेस ने बताया मिडिल क्लास के साथ विश्वासघात, जानिए किसने क्या कहा

Union Finance Minister Nirmala Sitharaman presented the Union Budget 2022 today, Tuesday. In his speech of about one and a half hours,

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 1 फरवरी। केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण आज, मंगलवार केंद्रीय बजट 2022 पेश किया है। करीब डेढ़ घंटे के अपने भाषण में वित्त मंत्री ने कई बड़े ऐलान किए हैं और इसे अगले 25 साल का ब्लू प्रिंट कहा है। बजट भाषण पूरा होने के बाद सत्ता पक्ष ने जहां सीतारमण के बजट की जमकर तारीफ की है तो वहीं विपक्ष के नेताओं ने कई अहम चीजें इससे छूट जाने की बात कही है। कांग्रेस ने बजट को नौकरीपेशा और मिडिल क्लास के साथ एक धोखा कहा है। राहुल गांधी ने इस बजट को शून्य करार दिया है। इसके साथ-साथ राहुल गांधी ने कहा कि आम बजट में वेतनभोगी वर्ग, मध्य वर्ग, गरीबों, किसानों, युवाओं और छोटे कारोबारियों के लिए कुछ नहीं है।

मिडिल क्लास को कोई राहत नहीं देने के लिए आलोचना की

कांग्रेस ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की केंद्रीय बजट में मिडिल क्लास को कोई राहत नहीं देने के लिए आलोचना की है। कांग्रेस महासचिव और प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि वेतन कटौती और उच्च मुद्रास्फीति के चलते वेतनभोगी और मध्यम वर्ग बुरी तरह से प्रभावित है। बजट में वेतनभोगी और मध्यम वर्ग को राहत ना देकर इसके साथ विश्वासघात किया गया है।

थरूर ने कहा निराशाजनक

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने बजट पर कहा- बेहद निराशाजनक, इस बजट में कुछ भी नहीं है। यह आश्चर्यजनक रूप से निराशाजनक बजट है। इसमें मनरेगा का, रक्षा का, जनता के सामने आने वाली किसी अन्य जरूरी प्राथमिकताओं का कोई जिक्र नहीं है। हम भयानक मुद्रास्फीति का सामना कर रहे हैं और मध्यम वर्ग के लिए कोई कर राहत नहीं है। ये बजट ‘अच्छे दिनों’ को और दूर धकेलता दिख रहा है।

केंद्रीय मंत्रियों ने की तारीफ

केंद्रीय राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने कहा, आजादी के अमृत महोत्सव के इस कालखंड का यह अमृत बजट है, आज का बजट आम आदमी की आकांक्षाओं के अनुरूप है। ये बजट सबका साथ, सबका विकास के मूलमंत्र पर आधारित है, इसमें सभी वर्ग के लोगों का ध्यान रखा गया है।

केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने कहा, ये बहुत समावेशी बजट है, ये बजट गरीबों, गांव, पूर्वोत्तर के लिए है। इस बजट में वित्तीय क्षेत्र में काफी रिफॉर्म लाए गए हैं। जिस तरह से अर्थव्यवस्था में रिकवरी हुई है, उस तरह से ये बहुत अच्छा बजट है।

केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल ने कहा  कि सेवा, कृषि और चिकित्सा के क्षेत्र हमारी प्राचीन अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और इन्हें नए सिरे से इस बजट में परिभाषित किया गया है। आने वाली नई चुनौतियों के लिए इस बजट में समाधान दिया गया है।

पूर्व वित्त राज्य मंत्री और भाजपा सांसद जयंत सिन्हा ने कहा, यह एक प्रो-ग्रोथ बजट है जो पूंजीगत व्यय पर जोर देता है, ये जीडीपी विकास को आगे बढ़ाएगा। यह एक ऐसा बजट है। जिससे महंगाई पर नियंत्रण रहेगा। इसके परिणामस्वरूप काफी रोजगार भी पैदा होंगे।

शिवराज चौहान ने बजट के लिए पीएम को दी बधाई

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बजट पर कहा, मैं बजट के लिए प्रधानमंत्री को बधाई देता हूं। ये बजट समृद्ध, शक्तिशाली और विकसित भारत के निर्माण का बजट है। अधोसंरचना विकास के लिए 35 फीसजी से अधिक राशि बजट में बढ़ाई गई है इससे अधोसंरचना विकास के साथ-साथ रोजगार के अवसर सृजित होंगे।

फिक्की के अध्यक्ष संजीव मेहता ने बजट पर कहा कि व्यापार के नज़रिए से दो चीज़े कंसिस्टेंसी ऑफ पॉलिसी और कंसिस्टेंसी ऑफ टैक्स रेट महत्वपूर्ण हैं। इसके लिए मैं वित्त मंत्री का धन्यवाद करूंगा कि उन्होंने इसमें ज़्यादा बदलाव नहीं किए। नए टैक्स भी लागू नहीं किए गए।

Exit mobile version