Site icon Samagra Bharat News website

जेएनयू के उपकुलपति जगदीश कुमार बने यूजीसी के चेयरमैन

समग्र समाचार सेवा

नई दिल्ली, 5 फरवरी। जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के कुलपति एम जगदीश कुमार को विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। जेएनयू वीसी एम जगदीश कुमार का जेएनयू में कार्यकाल विवादों से भरा रहा था। पिछले साल अपना कार्यकाल समाप्त होने के बाद वह वर्तमान में कार्यवाहक कुलपति के रूप में कार्यभार संभाल रहे हैं।

शिक्षा मंत्रालय ने की नियुक्ति की पुष्टि

शिक्षा मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा, ”जगदेश कुमार को यूजीसी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।” 65 वर्ष की आयु हो जाने पर प्रोफेसर डीपी सिंह के जीसी अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के बाद सात दिसंबर से यह पद खाली था। सिंह ने 2018 में यूजीसी अध्यक्ष का कार्यभार संभाला था। उच्च शिक्षा नियामक के उपाध्यक्ष का पद भी खाली है। मंत्रालय ने अभी तक जेएनयू में एम जगदीश कुमार के उत्तराधिकारी की नियुक्ति नहीं की है।

जानिए जगदीश कुमार के बारे में

जेएनयू वीसी एम जगदीश कुमार का जन्म तेलंगाना के ममीडाला में हुआ था। उन्होंने इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मद्रास से एमएस (ईई) और पीएचडी (ईई) की डिग्री प्राप्त की। उन्होंने कनाडा के वाटरलू विश्वविद्यालय में पोस्ट डॉक्टरेट शोध किया है। इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के मास्टर के रूप में भी जाने जाने वाले कुमार को नैनो टेक्नोलॉजी और अन्य संबंधित क्षेत्रों में भी काम करना पसंद है।

Exit mobile version