Site icon Samagra Bharat News website

शीतलहर की चपेट में देश की 24  फीसदी आबादी

A large part of the country's population is facing cold wave. According to the Meteorological Department, on Sunday, about

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 6 फरवरी।  देश की आबादी का एक बड़ा हिस्सा शीतलहर का सामना कर रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार को देश के करीब 16 फीसदी जिलों की 24 प्रतिशत आबादी आज शीतलहर की मार झेलेगी। यूपी के 75, राजस्थान के 17, बिहार के 14 और झारखंड व पंजाब के एक-एक जिले कोल्ड वेव की चपेट में हैं। सर्द हवाओं ने इन इलाकों में ठिठुरन काफी बढ़ी दी है।

हिमाचल में भारी बर्फबारी के बाद 500 से अधिक सड़कें ठप

हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार को हुई भारी बर्फबारी के बाद आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। प्रदेश में 500 से अधिक सड़कें बंद पड़ी हैं। सिर्फ शिमला जिले में ही 303 सड़कों पर यातायात ठप हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग-5 चार दिन बाद भी बहाल नहीं हो पाया है। कई जगह सैलानियों की गाड़ियां बर्फ में फंसी हैं। ऊंचाई वाले इलाकों में हालात इतने खराब हो गए हैं कि लोगों को दूध-ब्रेड तक मयस्सर नहीं हो रहे हैं। स्थानीय प्रशासन सड़क बहाली और मार्गों से बर्फ हटाने के काम में जुटा हुआ है। शहर में हुए एक फुट से ज्यादा हिमपात से चारों ओर बर्फ की चादर नजर आ रही है।

सरकारी कार्यालयों में छुट्टी का ऐलान

स्थानीय अधिकारी ने बताया कि भारी बर्फबारी के मद्देनजर शहर के सरकारी कार्यालयों में शनिवार को अवकाश घोषित कर दिया गया। शिमला सहित पूरे हिमाचल में परिवहन सेवाएं ठप पड़ी हैं। हालांकि, शिमला में सुबह चटख धूप खिलने से लोगों ने राहत की सांस ली है, लेकिन सड़क बंद होने से परेशानी बढ़ गई है। जिले में 685 बिजली ट्रांसफार्मर बंद हैं। 28 पेयजल परियोजनाएं भी ठप हैं।

उत्तराखंड में 8 फरवरी तक शुष्क रहेगा मौसम

मौसम विभाग ने कहा है कि 8 फरवरी तक उत्तराखंड में मौसम शुष्क साफ रहेगा। इसके बाद एक और पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से गढ़वाल और कुमाऊं के पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश व बर्फबारी की संभावना है। उधर, राज्य के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में स्थित सैंकड़ों गांव अभी भी अलग-थलग पड़े हुए हैं।

घाटी में आज बारिश-बर्फबारी का अनुमान

जम्मू-कश्मीर में न्यूनतम तापमान में गिरावट के बीच मौसम विभाग ने अगले चौबीस घंटों में घाटी में अलग-अलग जगहों पर बारिश और बर्फबारी होने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में पारा शून्य से 1.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। वहीं, उत्तरी कश्मीर के प्रसिद्ध स्की-रिजॉर्ट गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 9.8 डिग्री सेल्सियस नीचे रिकॉर्ड हुआ। पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 11.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। पहलगाम घाटी का सबसे ठंड स्थान रहा।

राजस्थान के लोगों को सता रही ठंड

राजस्थान के कई इलाकों में ठंड का प्रकोप जारी है। राज्य के चुरू में शुक्रवार रात को न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी जयपुर में न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री सेल्सियस रहा। राज्यभर में कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है।

सिक्किम और उत्तरी बंगाल में बर्फबारी

सिक्किम और निकटवर्ती उत्तरी बंगाल के कई हिस्सों में हुई ताजा बर्फबारी के कारण हिमालयी और दुआर्स क्षेत्रों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विज्ञान विभाग ने शनिवार को बताया कि गंगटोक और उसके आस-पास के ऊपरी इलाकों, दक्षिण सिक्किम के रालांग और रवांगला, पश्चिम सिक्किम के चेवांगभांजयांग, ओखरे, हिले एवं बरसे और उत्तरी सिक्किम के कई इलाकों में शुक्रवार और शनिवार को तड़के बर्फबारी हुई। पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग जिले के दार्जिलिंग, चातकपुर, घूम, संदकफू एवं फालुत और पड़ोसी कलिम्पोंग जिले के लावा में भी बर्फबारी हुई। दुआर्स क्षेत्र के जलपाईगुड़ी, कूचबिहार और अलीपुरद्वार जिलों में सर्द हवाओं के साथ बारिश हुई।

Exit mobile version