Site icon Samagra Bharat News website

संसदः धन्यवाद प्रस्ताव पर प्रधानमंत्री मोदी देंगे जवाब, ओवैसी पर हमले को लेकर बोलेंगे शाह

Prime Minister Narendra Modi will reply on the Motion of Thanks to President Ram Nath Kovind's address in the Lok Sabha today in the Budget

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 7 फरवरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संसद के बजट सत्र में आज लोकसभा में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर जवाब देंगे। मोदी का यह संबोधन शाम को होने की उम्मीद है। 31 जनवरी को लोकसभा और राज्यसभा के संयुक्त सत्र में राष्ट्रपति कोविंद के अभिभाषण के साथ बजट सत्र की शुरुआत हुई। मालूम हो कि बजट सत्र का पहला भाग 31 जनवरी से 11 फरवरी तक और दूसरा भाग 14 मार्च से 8 अप्रैल तक चलेगा।

राष्ट्रपति ने कोविड-19 संकट के बीच सरकार की उपलब्धियों को गिनाया

भाषण के दौरान राष्ट्रपति ने कोविड-19 संकट के बीच सरकार की उपलब्धियों को गिनाया। उन्होंने विशेष रूप से महामारी से लड़ने, किसानों और महिलाओं की सहायता के लिए उठाए गए कदमों का जिक्र किया। उन्होंने 2047 में स्वतंत्रता की शताब्दी तक आधुनिक भारत के निर्माण के लिए और अधिक मेहनत करने की अपील की।

धन्यवाद प्रस्ताव पर बहस 2 फरवरी को हुई शुरू

राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर बहस 2 फरवरी को शुरू हुई। दोनों सदनों ने बजट सत्र के पहले भाग में इसके लिए 12 घंटे का समय लिया। सत्तारूढ़ भाजपा के सदस्यों ने जहां सरकार की उपलब्धियां गिनाईं, वहीं विपक्ष ने महंगाई और बेरोजगारी सहित विभिन्न मामलों में विफलता का आरोप लगाते हुए केंद्र पर हमला किया।

ओवैसी पर हुए हमले पर आज संसद में बयान देंगे अमित शाह

वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एआईएमआईएम सांसद असदुद्दीन ओवैसी की कार पर हुई फायरिंग की घटना पर आज संसद में बयान देंगे। शाह सोमवार सुबह करीब 11.30 बजे लोकसभा और राज्यसभा में अपनी बात रखेंगे। ओवैसी की कार पर मेरठ के एक टोल प्लाजा पर तीन-चार राउंड फायरिंग हुई थी। बता दें कि महान गायिका लता मंगेशकर के सम्मान में दोनों सदनों को एक घंटे के लिए स्थगित किया जाएगा। सुर साम्राज्ञी मंगेशकर का रविवार को निधन हो गया था।

Exit mobile version