Site icon Samagra Bharat News website

अनुराग ठाकुर और एथलीटों ने प्रतिभागियों का बढ़ाया उत्साह

Union Minister for Youth Affairs and Sports Anurag Thakur along with eminent athletes participated in the State Level First Fit India

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 8 फरवरी। केंद्रीय युवा कार्य एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने जाने-माने एथलीटों के साथ 10 फरवरी से शुरू हो रहे पहले फिट इंडिया क्विज के राज्य स्तरीय दौर के लिए छात्रों का उत्साहवर्धन किया है। इसमें 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 189 जिलों के 360 स्कूल पुरस्कारों के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगे।

ठाकुर ने प्रतिभागी छात्रों को दी बधाई

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा, “हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कुछ साल पहले फिट इंडिया मूवमेंट में शामिल होने का आह्वान किया था। उनके विजन को आगे बढ़ाते हुए, हमने फिट इंडिया क्विज-भारत का पहला स्कूल फिटनेस और स्पोर्ट्स क्विज लॉन्च किया। ठाकुर ने कहा, “मैं भारत भर के उन सभी छात्रों को बधाई देता हूं, जिन्होंने क्विज के प्रारंभिक दौर में भाग लिया।

8 से 32 टीमें स्टेट चैंपियन बनने के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी

राज्य स्तरीय दौर, एक वेब-आधारित प्रतियोगिता होगी, जिसमें 8 से 32 टीमें स्टेट चैंपियन बनने के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी। इस कार्यक्रम का युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय, भारतीय खेल प्राधिकरण और फिट इंडिया के सोशल मीडिया हैंडल पर भी प्रसारण (वेबकास्ट) होगा। क्विज में 3.25 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि है, जो क्विज के विभिन्न चरणों के दौरान विजेता स्कूलों और छात्रों को दी जाएगी।

एथलीटों ने भी दी शुभकामनाएं

टोक्यो ओलंपिक की रजत पदक विजेता मीराबाई चानू ने कहा, “मैं प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देती हूं।” टोक्यो पैरालिंपिक कांस्य पदक विजेता शरद कुमार ने कहा, “मुझे उम्मीद है कि सभी छात्र अपना सर्वश्रेष्ठ देंगे और सभी अपने राज्य को पहली बार फिट इंडिया क्विज का चैंपियन बनने के लिए उत्साहित करेंगे।” टेबल टेनिस खिलाड़ी मनिका बत्रा ने कहा, “मैं प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देती हूं। सर्वश्रेष्ठ राज्य विजेता बने।”

13,502 स्कूलों के कुल 36,299 छात्रों ने हिस्सा लिया

क्विज के प्रारंभिक दौर में 13,502 स्कूलों के कुल 36,299 छात्रों ने हिस्सा लिया और इसमें लड़कों के साथ-साथ लड़कियों ने भी समान रूप से भाग लिया। उत्तर प्रदेश के दो छात्रों ने प्रारंभिक दौर में शीर्ष अंक प्राप्त करके अन्य सभी राज्यों के छात्रों को पीछे छोड़ दिया। दिल्ली पब्लिक स्कूल, ग्रेटर नोएडा के दिव्यांशु चमोली ने शीर्ष स्थान हासिल किया, जबकि सनबीम स्कूल, लहरतारा, वाराणसी के शाश्वत मिश्रा ठीक उनके पीछे थे। इसके बाद बेंगलुरू के बाल्डविन गर्ल्स हाई स्कूल की अर्कमिता का स्थान है, जिन्होंने कर्नाटक राज्य के लिए शीर्ष अंक प्राप्त किया है।

Exit mobile version