Site icon Samagra Bharat News website

सुनो केजरीवाल… सुनो योगी, आधी रात को दो मुख्यमंत्रियों में जुबानी जंग

On Monday late night, UP CM Yogi Adityanath attacked Delhi CM Arvind Kejriwal fiercely by tweeting one after the other.

समग्र समाचार सेवा
लखनऊ, 8 फरवरी। यूपी विधानसभा चुनाव का सियासी पारा अपने चरम पर है। हर राजनीतिक पार्टी एक-दूसरे को घेरने के लिए पूरी निगाहें गड़ाए हुए हैं। बस, इंतजार रहता है कि कब कोई गलती करे और उस पर टूट पड़ें। सोमवार देर रात को यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने एक बाद एक कई ट्वीट करके दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल पर जमकर हमला बोला तो वहीं केजरीवाल ने भी ट्वीट कर जवाब दिया। योगी ने जहां सुनो केजरीवाल से संबोधन किया तो वहीं अरविंद केजरीवाल ने भी सुनो योगी से शुरुआत की।

योगी ने अपने ट्वीट में क्या कहा

योगी ने ट्वीट किया- केजरीवाल को झूठ बोलने में महारथ हासिल है। जब पूरा देश आदरणीय प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में कोरोना जैसी वैश्विक महामारी से जूझ रहा था, तब केजरीवाल ने प्रवासी मजदूरों को दिल्ली से बाहर का रास्ता दिखा दिया। योगी ने एक और ट्वीट किया, जिसमें कहा कि सुनो केजरीवाल, जब पूरी मानवता कोरोना की पीड़ा से कराह रही थी, उस समय आपने यूपी के कामगारों को दिल्ली छोड़ने पर विवश किया। छोटे बच्चों व महिलाओं तक को आधी रात में यूपी की सीमा पर असहाय छोड़ने जैसा अलोकतांत्रिक व अमानवीय कार्य आपकी सरकार ने किया। आपको मानवताद्रोही कहें या…

यूपी सरकार ने प्रवासी मजदूरों के लिए बसों का इंतजाम किया

वहीं योगी ने कहा कि बिजली-पानी का कनेक्शन काटा व सोते हुए लोगों को उठा-उठा कर बसों से यूपी बॉर्डर पर भेजा गया। अनाउंसमेंट कर कहा गया कि आनंद विहार के लिए बसें जा रही हैं, उससे आगे यूपी-बिहार के लिए बसें मिलेंगी। यूपी सरकार ने प्रवासी मजदूरों के लिए बसों का इंतजाम किया और उन्हें सुरक्षित वापस लाई।

केजरीवाल ने गंगा में लाशों को लेकर किया पलटवार

जवाब में केजरीवाल ने ट्वीट में लिखा- सुनो योगी, आप तो रहने ही दो। जिस तरह उप्र के लोगों की लाशें नदी में बह रहीं थीं और आप करोड़ों रुपए खर्च करके टाईम्स  मैगज़ीन में अपनी झूठी वाहवाही के विज्ञापन दे रहे थे। आप जैसा निर्दयी और क्रूर शासक मैंने नहीं देखा।

संसद में मोदी के भाषण को केजरीवाल ने बताया झूठा

अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसद में दिए बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने पीएम के उस बयान को ‘झूठ’ करार दिया कि दिल्ली सरकार ने कोरोना वायरस महामारी के दौरान लोगों से दिल्ली छोड़कर जाने के लिए कहा था। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर लोकसभा में चर्चा का जवाब देते हुए मोदी ने दिल्ली सरकार पर माइक्रोफोन का इस्तेमाल करके रिहायशी इलाकों में जाकर लोगों से शहर छोड़ने के लिए कहने का आरोप लगाया।

लोकसभा में दिए भाषण की एक क्लिप टैग की

मोदी के लोकसभा में दिए भाषण की एक क्लिप टैग करते हुए केजरीवाल ने उनके बयान को ‘सरासर झूठ’ करार दिया। उन्होंने ट्वीट किया, ‘प्रधानमंत्री का यह बयान सरासर झूठ है। देश उम्मीद करता है कि जिन लोगों ने कोरोना काल की पीड़ा को सहा, जिन लोगों ने अपनों को खोया, प्रधानमंत्री जी उनके प्रति संवेदनशील होंगे। लोगों की पीड़ा पर राजनीति करना प्रधानमंत्री जी को शोभा नहीं देता।’

दिल्ली सरकार पर यह बोले थे पीएम

पीएम ने कहा, ‘उस समय दिल्ली में ऐसी सरकार थी, जो है, उस सरकार ने तो जीप पर माइक बांध करके दिल्ली की झुग्गी-झोपड़ी में गाड़ी घुमाकर लोगों से कहा कि संकट बड़ा है भागो, गांव जाओ। घर जाओ और दिल्ली से जाने के लिए बसें दी, आधे रास्ते छोड़ दिया और श्रमिकों के लिए मुसीबतें पैदा की और उसका कारण यह हुआ कि यूपी, उत्तराखंड, पंजाब में जिस कोरोना की इतनी गति नहीं थी इस पाप के कारण कोरोना तेजी से फैल गया।’

Exit mobile version