Site icon Samagra Bharat News website

उप्र में पूरी क्षमता से खुलेंगे जिम, रेस्टोरेंट, होटल और सिनेमा

There is a steady decrease in the cases of corona virus infection in Uttar Pradesh. A total of 1,972 new cases of corona infection were found

समग्र समाचार सेवा

लखनऊ12 फऱवरी। उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में लगातार कमी आ रही है। प्रदेश में शुक्रवार को कोरोना संक्रमण के कुल 1,972 नए केस मिले हैं। संक्रमण के मामलों में आई कमी को देखते हुए योगी सरकार ने अब पाबंदियों में और ढील देते नई गाइडलाइन जारी की है। इससे पहले प्रदेश में कोरोना के एक्टिव केस बढ़ने के कारण कई तरह के कड़े प्रतिबंध लगा दिए थे। हालांकि कोरोना के घटते केस के बावजूद लोगों से कोरोना प्रोटोकाल को फालो करने के लिए कहा गया है। सरकार ने सख्त हिदायत दी है कि किसी भी सूरत में सार्वजनिक स्थानों पर कोरोना के प्रोटोकाल का उल्लंघन ना हो।

स्वीमिंग पूल और वाटर पार्क अभी बंद रहेंगे

अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी ने शुक्रवार को नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा है कि प्रदेश में कोरोना संक्रमण की दरों में प्रभावी रूप में कमी को देखते हुए कई निर्णय लिए गए हैं। तय किया गया है कि अब सभी जिम खुले रहेंगे। हालांकि अभी स्वीमिंग पूल और वाटर पार्क पूर्व की भांति ही बंद रहेंगे। इसके साथ ही सभी रेस्टोरेंट, होटल, फूज जाइंट्स और सिनेमा हाल आदि को पूरी क्षमता के साथ खोला जा सकता है।

14 फरवरी से खुल रहे सभी स्कूल

कोरोना वायरस और ओमिक्रोन के कहर के चलते काफी समय से बंद पड़े सभी स्कूलों को सोमवार (14 फरवरी) से फिर से खोलने का फैसला किया गया है। अभी तक प्रदेश में आठ तक की कक्षाओं के स्कूल बंद चल रहे थे। इस तरह अब सभी प्राथमिक विद्यालयों में सोमवार से पठन-पाठन शुरू हो जाएगा। आदेश में कहा गया है कि कोरोना गाइडलाइंस जैसे मास्क की अनिवार्यता एवं कोविड हेल्प डेस्क की स्थापना समेत समय-समय पर निर्गत अन्य निर्देशों का कड़ाई से पालन करते हुए स्कूल खुलेंगे।

सरकारी और निजी दफ्तरों में अब आना होगा

कोरोना संक्रमण कम होने के कारण अब सभी सरकारी और निजी दफ्तरों में सभी कर्मचारियों को ड्यूटी पर आना होगा। अभी तक एक दिन में 50 प्रतिशत कर्मचारियों को ही कार्यालय बुलाया जा रहा था। अब सरकारी कार्यालयों में वर्क फ्राम होम की व्यवस्था खत्म कर दी गई है। निर्देश दिए गए हैं कि सभी कार्यालयों में कोविड हेल्प डेस्क की स्थापना अनिवार्य रूप से की जाए।

उत्तर प्रदेश में कोरोना के मामलों में लगातार गिरावट

उत्तर प्रदेश में कोरोना के मामलों में लगातार गिरावट आ रही है। शुक्रवार को कोरोना से संक्रमित 1972 नए रोगी मिले। 3143 मरीज स्वस्थ हुए। अब सक्रिय केस घटकर 16640 रह गए हैं। वहीं 10 मरीजों की कोरोना से मौत हुई। अब संक्रमण दर घटकर एक प्रतिशत रह गई है। पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा 318 नए रोगी लखनऊ में मिले हैं। लखीमपुर खीरी और शाहजहांपुर में 90-90 मरीज व झांसी में 75 नए रोगी मिले हैं। अब तक प्रदेश में कुल 20.54 लाख लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं और इसमें से 20.14 लाख मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। अब रिकवरी रेट बढ़कर 98 प्रतिशत हो गया है।

Exit mobile version