Site icon Samagra Bharat News website

कोरोनाः सिक्किम सरकार ने प्रतिबंध हटाया, अंतर-राज्यीय यात्रा की अनुमति मिली

समग्र समाचार सेवा

नई दिल्ली, 15 फरवरी। सिक्किम सरकार ने कोविड 19 मामलों में गिरावट को ध्यान में रखते हुए 11 फरवरी से पहले से लागू सख्त प्रतिबंधों को वापस लेने का फैसला किया है। साथ ही अंतर-राज्यीय यात्रा करने वालों के लिए आरटी-पीसीआर की अनिवार्यता को भी हटा दिया है। गृह विभाग द्वारा गुरुवार को जारी एक आदेश के अनुसार अब निगेटिव रिपोर्ट अनिवार्य नहीं होंगे।

ऑड-ईवन सिस्टम को भी वापस

साथ ही दोपहिया वाहनों पर पीछे बैठने पर प्रतिबंध के साथ-साथ ऑड-ईवन सिस्टम को भी वापस ले लिया गया है। अब बाजार, दुकानें और वाणिज्यिक प्रतिष्ठान सामान्य रूप से कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करते हुए काम करेंगे।

राज्य सरकार के कार्यालय फिर होंगे गुलजार

इस बीच, राज्य सरकार के तहत सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (पीएसयू), बोर्ड, निगमों सहित सभी राज्य सरकार के कार्यालय सख्त कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए 100 फीसदी उपस्थिति के साथ कार्य करेंगे। केंद्र सरकार के कार्यालय भारत सरकार के निर्देशों के अनुसार काम करना जारी रखेंगे।

सामाजिक मापदंडों का पालन करना जरूरी

साथ ही राज्य के सभी शैक्षणिक संस्थान इस संबंध में शिक्षा विभाग और मानव संसाधन विकास मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार कार्य करेंगे, जिसमें विधिवत कोविड प्रोटोकॉल का पालन किया जाएगा।  हालांकि, कोविड-19 से बचाव के लिए राष्ट्रीय निर्देशों जैसे मास्क पहनना और सामाजिक दूरी के मानदंडों का सख्ती से पालन किया जाएगा।

Exit mobile version