Site icon Samagra Bharat News website

युद्ध की तैयारी! सवा लाख रूसी सैनिकों ने 10 तरफ से यूक्रेन को घेरा

समग्र समाचार सेवा

नई दिल्ली, 15 फरवरी। यूक्रेन और रूस के बीच तनाव बढ़ता जा रहा है। रूस ने यूक्रेन बॉर्डर पर करीब 1.3 लाख सैनिक तैनात कर दिए हैं। रूसी सैनिक यूक्रेन को पूर्वी और दक्षिणी सीमा पर घेर रहे हैं। न्यूयॉर्क टाइम्स ने एक मैप बनाया है और उसके जरिए बताया है कि रूसी सैनिक कहां-कहां तैनात हैं।

कहां तैनात हैं रूसी सैनिक?

मैप को देखने से पता चलता है कि रूसी सैनिक बेलारूस, रूस और क्रीमिया में बड़े स्तर पर मौजूद हैं। बेलारूस में रूसी सैनिक ब्रेस्ट, बरनोविच, येल्स्क, मज्यर आयर रेच्य्स्ता जैसे इलाकों में यूक्रेन बॉर्डर से नजदीक जमा हैं। इसके साथ रूस में रूसी सैनिक किन्त्स्य, पोचेप, कुर्सक, सोलोती, बोगुचार, लुहंस्क, दोनेस्त्स्क जैसे इलाकों में तैनात हैं। इसके साथ रूसी सैनिक क्रीमिया के नोवूजेरने, सेवास्तोपोल, पेरेवलने और फेडेसिया जैसे क्षेत्र में तैनात हैं। सैनिकों की यह स्थिति 13 फरवरी 2022 की है।

रूस हमेशा नकारता आ रहा हमले की बात

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने लगातार कहा है कि उनके पास यूक्रेन पर आक्रमण की कोई योजना नहीं है। हालांकि रूस यूक्रेन बॉर्डर पर लगातार सैनिकों की तैनाती कर रहा है। रूस और बेलारूस 10 दिनों का युद्ध अभ्यास भी कर रहे हैं।

अमेरिका सहित कई पश्चिमी देशों के अधिकारियों ने चेतावनी दी

अमेरिका सहित कई पश्चिमी देशों के अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि रूस यूक्रेन पर कभी भी हमला कर सकता है। पिछले कुछ दिनों से पश्चिमी देशों और रूस के राजनयिक कई बार यूक्रेन को लेकर मुलाकात किए हैं लेकिन किसी भी समझौते पर नहीं पहुंचा जा सका है।

16 फरवरी को यूक्रेन पर हमला करेगा रूस?

पश्चिमी खुफिया एजेंसियों ने चेतावनी दी है कि मॉस्को 16 फरवरी को यूक्रेन पर हमला कर सकता है। यूक्रेनी राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की ने माना है कि देश जल्द ही ‘एक महान युद्ध’ का सामना कर सकता है हालांकि रूस ने इस बात से इनकार करना जारी रखा है कि वह यूक्रेन पर हमला करने वाला है।

Exit mobile version