Site icon Samagra Bharat News website

यूपी-बिहार पर बयान शर्मनाक, संत रविदास व गुरु गोविंद सिंह की धरती का अपमानः मोदी

In Abohar, Prime Minister Narendra Modi raised the issue of Punjab CM Charanjit Singh Channi's statement to the people of Bihar

समग्र समाचार सेवा

अबोहर17 फरवरी।  अबोहर में प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने पंजाब के सीएम चरणजीत सिंह चन्‍नी के बिहार और उत्‍तर प्रदेश के लोगों के बयान का मुद्दा उठाया। उन्‍होंने कहा कि इस बयान से संत रविदास जी और श्री गुरु गोबिंद सिंह जी की धरती का अपमान‍ किया गया है। संत रविदास जी का जन्‍म उत्‍तर प्रदेश व श्री गुरु गोबिंद सिंह का जन्‍म बिहार के पटना में हुआ था। उन्‍होंने कहा कि पंजाब में डबल इंजन की सरकार बनेगी। डबल इंजन की सरकार का मतलब है पंजाब का तेज विकास। पंजाब में देशभक्ति से विकास का संकल्‍प लेकर काम करने वाली सरकार चाहिए।  पंजाब में इस बार भाजपा व एनडीए की सरकार बनेगी। एक बार पूरे पांच साल का मौका हमें दीजिये, फिर देखिये किस तरह विकास होता है। पंजाब में आज माफिया राज है। इसे भाजपा समाप्‍त करेगी।

दिल्ली में बैठा एक परिवार चन्नी के बयान पर ताली बजा रहा था

उन्‍होंने बिहार और यूपी के बारे में चरणजीत चन्‍नी के बयान पर उन्‍होंने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री ने जो बयान दिया वह शर्मनाक है और दिल्ली में बैठा एक परिवार इस पर ताली बजा रहा था। पंजाब में एक भी ऐसा गांव नहीं है जहां यूपी- बिहार के लोग मेहनत नहीं करते। संत रविदास जी भी उत्तर प्रदेश में पैदा हुए थे तो क्या उनके नाम को भी मिटा दोगे। आप कहते हो वहां के भाइयों को घुसने नहीं देंगे। गुरु गोविंद सिंह जी का जन्म पटना में हुआ और आप कहते हैं बिहार के लोगों को घुसने नहीं देंगे। गुरु गोविंद सिंह जी का अपमान करोगे क्या। गुरु गोविंद सिंह जी ने जिस मिट्टी में जन्म लिया उस मिट्टी का अपमान करोगे क्या।

ऐसी सोच वालों को पंजाब में राज करने का अधिकार नहीं

उन्‍होंने कहा कि इस तरह की विभाजनकारी सोच को एक पल के लिए भी पंजाब में राज करने का अधिकार नहीं है। यहां जो भी सरकार बने वह देश के लिए प्रतिबद्ध हो। जो लोग भारत को राष्ट्र ही नहीं मानते हम उनके भरोसे राज्य नहीं सौंप सकते।  कांग्रेस पंजाब को अस्थिरता की तरफ ले जाने का प्रयास कर रही है। जिनकी दिल्ली में सरकार है वह सिखों को डगर डगर पर अपमानित करते हैं। दिल्ली में एक भी सिख को मंत्री नहीं बनाया। शराब के ठेके खोलने पर जोर दे रहे हैं। दिल्ली में प्रदूषण बढ़ता है तो यह पंजाब के किसानों को गाली देते हैं। यहां आकर किसानों को गले लगाने की बात करते हैं।  कोरोना लहर के दौरान झूठ बोल कर लोगों को यहां से भगा दिया।

कुमार विश्वास की टिप्पणी का दिया हवाला

कुमार विश्वास की टिप्पणी पर कहा उन्होंने कहा कि जो आरोप लगाया है वह बहुत खतरनाक है। इसे हर मतदाता को और देशवासी को गंभीरता से लेना चाहिए। ये लोग पंजाब को तोड़ने का सपना पाले हुए हैं। सत्ता पाने के लिए इन्हें देश भी तोड़ना पड़े तो यह उसके लिए भी तैयार हैं। यह सर्जिकल स्ट्राइक पर पाकिस्तान के सुर में सुर मिलाते हैं। यह बीएसएफ के बढ़ते अधिकारों पर आवाज उठाते हैं। मेरे पंजाब ने कई घाव झेले हैं लेकिन मरने मिटने में हमेशा आगे रहा है।

पंजाब को बदलाव की जरूरत

उन्‍होंने कहा कि आज पंजाब को एक ऐसी सरकार की जरूरत है जो देशभक्ति की भावना से पंजाब के विकास की प्रेरणा ले। पंजाब की सुरक्षा और विकास के संकल्प व समर्पण के साथ भाजपा आपके सामने आई है। उसे पांच साल दें। उन्‍होंने कांग्रेस पर हमले किए और राज्‍य सरकार पर निशाना साधा। उन्‍होंने अपनी सरकार के मिशन का उल्‍लेख करते हुए विभिन्‍न योजनाओं की चर्चा की।

84 के दंगों को लेकर कांग्रेस पर साधा निशाना

उन्‍होंने कहा कि 84 के दंगों के समय कांग्रेस के नेता क्या कर रहे थे आपसे ज्यादा और कौन जान सकता है। मैं उस वक्त गुजरात में था और एक भी सिख परिवार को तकलीफ नहीं होने दी। कोरोना काल की चर्चा करते हुए मोदी ने कहा कि हमने सब को मुफ्त वैक्सीन उपलब्ध करवाई। आयुष्मान भारत योजना की वजह से पंजाब के 11 लाख लोगों ने अस्पतालों में मुफ्त इलाज करवाया है।  देश के 50 करोड़ लोगों को इसका लाभ मिल रहा है। पंजाब के नागरिकों को हिंदुस्तान के किसी भी राज्य में यह सुविधा उपलब्ध है लेकिन दिल्ली सरकार आपको इन्‍कार कर देगी क्योंकि वह इस योजना से जुड़ने के लिए तैयार नहीं है।  ऐसे लोगों को पंजाब में वोट मांगने का हक है क्या। इस योजना से गरीबों के 2000 करोड़ रुपये बचे।

Exit mobile version