Site icon Samagra Bharat News website

अलगाववादी लड़ाकों ने यूक्रेन में 20 ठिकानों पर रॉकेट दागे

Amid the Russo-Ukraine war, a pro-Russian separatist leader has ordered the army to be ready for war. Pro-Russian separatist government

समग्र समाचार सेवा

कीव, 19 फरवरी। रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच रूस समर्थक अलगाववादी नेता ने सेना को युद्ध के लिए तैयार रहने का आदेश दिया है। यूक्रेन के डोनेट्स्क क्षेत्र में रूस समर्थक अलगाववादी सरकार के प्रमुख डेनिस पुशिलिन ने एक बयान जारी कर सेना को युद्ध के लिए तैयार रहने का आदेश दिया है। उन्‍होंने आरोप लगाया कि यूक्रेन की सेना उनके इलाके में बड़े पैमाने पर गोलाबारी कर रही है।

एक यूक्रेनी सैनिक के मारे जाने की खबर

वहीं, अलगाववादियों की गोलाबारी में एक यूक्रेनी सैनिक के मारे जाने की खबर है। यूक्रेन की सेना ने कहा कि पूर्वी यूक्रेन में रूस समर्थक अलगाववादियों ने गोलाबारी की जिसमें एक सैनिक मारा गया है। सेना ने अपने फेसबुक पेज पर कहा कि अलगाववादियों ने 20 से अधिक बस्तियों पर गोलियां चलाईं और रॉकेट दागे।

अलगाववादियों ने एक कार को निशाना बनाया

इससे पहले पूर्वी यूक्रेन में कथित रूस समर्थित अलगाववादियों ने एक कार को निशाना बनाया था। एक गैस पाइप लाइन को भी विस्फोट कर उड़ा दिया था। इन दोनों ब्लास्ट को रूस से युद्ध के ट्रेलर के रूप में देखा जा रहा है। यूक्रेन ने जहां हमले के लिए रूस को जिम्मेदार बताया है, तो वहीं रूस ने इसे यूक्रेन की साजिश करार दिया है।

यूक्रेन के पास रूसी लड़ाकू विमान तैनात

नई सैटेलाइट तस्वीरों से खुलासा हुआ है कि रूस ने यूक्रेन की सीमा से सटे अपने एक हवाई ठिकाने पर बड़े पैमाने पर लड़ाकू विमानों को तैनात कर दिया है। यहां सैनिकों और बख्तरबंद उपकरणों की तैनाती दिख रही है। इतना ही नहीं बेलारूस, क्रीमिया और पश्चिमी रूस की सीमा पर अभी भी सैन्य गतिविधियां जारी हैं।

गैस पाइप लाइन फट गईजिसका वीडियो भी वायरल

इधर, यूक्रेन के लुहान्सक में शनिवार सुबह (यूक्रेन के समय के मुताबिक शुक्रवार रात) हुए एक हमले से गैस पाइप लाइन फट गई, जिसका वीडियो भी वायरल हो रहा है। हमले के बाद यूक्रेन के इमरजेंसी विभाग ने लोगों को घरों में ही रहने को कहा है। साथ ही पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल नहीं करने को कहा है।

रूस का आरोप- यूक्रेन ने रची साजिश

इधर, रूस ने आरोप लगाया है कि यूक्रेन अशांति फैलाने के लिए यह साजिश रच रहा है। रूसी समाचार एजेंसी रिया नवोस्टी की रिपोर्ट के मुताबिक, यूक्रेन के अलगाववादियों के हमले में ही गैस पाइप लाइन को नुकसान पहुंचा है।

बाइडेन बोले- झूठ बोल रहा रूस

इधर, जो बाइडेन ने रूस पर झूठ बोलने और गुमराह करने का आरोप लगाया है। अमेरिका ने कहा है कि रूस के राष्ट्रपति हमें साफ-साफ बताएं और वादा करें कि वो यूक्रेन पर हमला नहीं करेंगे। रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने पिछले दिनों बॉर्डर से सेना के वापस लौटाने की बात कही थी।

फॉल्स फ्लैग की रणनीति अपना रहा रूस

बॉर्डर पर विवाद के बीच यूक्रेन के पूर्वी हिस्से में हो रहे हमले को रूस की फॉल्स फ्लैग रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। फॉल्स फ्लैग का मतलब होता है- कोई देश पहले अपने हिस्से में सुनियोजित हमला करे और फिर इसका आरोप दूसरे देश पर मढ़कर जवाबी कार्रवाई करे। अमेरिका ने रूस की इस रणनीति के बारे में पहले ही नाटो (नाटो) को आगाह किया है।

Exit mobile version