Site icon Samagra Bharat News website

अब पूर्वांचल के रण में उतरेंगे सियासत के धुरंधर

In the battle of Purvanchal, now the giants will fill up. On behalf of BJP, where Prime Minister Narendra Modi will hold public meetings

समग्र समाचार सेवा

गोरखपुर, 23 फरवरी। पूर्वांचल के रण में अब दिग्गज हुंकार भरेंगे। भाजपा की ओर से जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 फरवरी से लगातार तीन दिन जनसभाएं करेंगे वहीं सपा मुखिया अखिलेश सिंह यादव भी 27 को गोरखपुर आ सकते हैं। उधर, बसपा सुप्रीमो मायावती 24 फरवरी को बस्ती तो 26 को गोरखपुर में मंडल स्तरीय जनसभा को संबोधित करेंगी। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी का भी कार्यक्रम जल्द तय होने की चर्चा है।

प्रधानमंत्री 27 फरवरी को बस्ती में जनसभा करेंगे

प्रधानमंत्री 27 फरवरी को बस्ती में जनसभा करेंगे। इसके अगले दिन वह महराजगंज और पहली मार्च को देवरिया में जनसभा कर भाजपा के पक्ष में माहौल बनाएंगे। जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 25 फरवरी की शाम को पांचवें चरण का प्रचार थमते ही पूर्वांचल में डेरा डाल देंगे। इसके अलावा कई और नेताओं के ताबड़तोड़ कार्यक्रम तय हो रहे हैं।

26 फरवरी को मायावती का चंपा देवी पार्क में रैली

बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती 26 फरवरी को गोरखपुर के चंपा देवी पार्क में मण्डल स्तरीय जनसभा करेंगी। पार्टी ने इसकी तैयारी तेज कर दी है। विधानसभावार भीड़ जुटाने के लिए पार्टी के प्रत्याशी और पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी को उम्मीद है कि मायावती की इस एक रैली से पूरे मंडल में फिजा बदल जाएगी। जिलाध्यक्ष संतोष जिज्ञासु ने कहा कि पार्टी सुप्रीमो मायावती की ऐतिहासिक रैली होने जा रही है। रैली के माध्यम से बहन मायावती पार्टी की नीतियां बताएंगी। जिलाध्यक्ष के मुताबिक यूपी में बसपा की सरकार बनाने जा रही है।

अखिलेश यादव 27 को आ सकते हैं गोरखपुर

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव 27 फरवरी को गोरखपुर आ सकते हैं। इसको लेकर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा तैयारियां की जा रही है। इसके अलावा स्वामी प्रसाद मौर्य और व्यास जी गौड़ 25 फरवरी को यहां आएंगे। इसके बाद 26 फरवरी को पूर्व मंत्री आरके चौधरी, 27 पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य रामआसरे विश्वकर्मा और एक मार्च को राष्ट्रीय सचिव अखिलेश कटियार आएंगे। इन नेताओं द्वारा जगह-जगह सभाएं की जाएंगी। यह जानकारी जिला मीडिया प्रभारी राघवेंद्र तिवारी राजू ने दी है।

सेंदुली-बेंदुली में जनसभा करेंगे भूपेश बघेल

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बुधवार को गोरखपुर ग्रामीण विधानसभा के सेंदुली-बेंदुली में कांग्रेस की जनसभा को संबोधित करेंगे। इसी क्रम में 24 फरवरी को कांग्रेस नेता सचिन पायलट पिपराइच विधानसभा में जनसभा को संबोधित करेंगे। जिलाध्यक्ष निर्मला पासवान ने बताया कि 25 फरवरी के बाद ही कांग्रेस प्रभारी प्रियंका गांधी का कार्यक्रम तय होगा। वह किसी विधानसभा में रोड शो कर सकती हैं।

Exit mobile version