Site icon Samagra Bharat News website

महाराष्ट्र सरकार के मंत्री नवाब मलिक को कोर्ट में किया पेश

समग्र समाचार सेवा

मुंबई, 23 फरवरी। ईडी ने दाऊद इब्राहिम मनी लान्ड्रिंग मामले में महाराष्ट्र के मंत्री नवाब मलिक को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। ईडी की ओर से गिरफ्तार किए जाने के बाद राकांपा नेता नवाब मलिक ने कहा कि भले ही उनको गिरफ्तार कर लिया गया है लेकिन वह डरेंगे नहीं। उन्‍होंने कहा- हम लड़ेंगे और जीतेंगे। ईडी ने मलिक को पीएमएलए कोर्ट में पेश किया है। सूत्रों का कहना है कि ईडी उनकी हिरासत की मांग करेगी। नवाब मलिक ने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारी सुबह मेरे घर आए और मुझे ईडी कार्यालय ले गए। इसके बाद मुझे हिरासत में लिया और मेरा बयान दर्ज किया। उन्होंने मुझे कार्यालय में ही समन की कापी दी और  उस पर दस्‍तखत करने के लिए कहा।

रियल एस्टेट परियोजनाओं में मलिक के बेनामी निवेश का पता चला

ईडी का दावा है कि उसने अंडरवर्ल्‍ड डान दाऊद इब्राहिम एवं अन्य से जुड़े म‍नी लांड्रिंग केस में मलिक को गिरफ्तार किया है। मुताबिक ईडी से जुड़े आधिकारिक सूत्रों ने दावा किया कि उन्हें कुछ रियल एस्टेट परियोजनाओं में मलिक के बेनामी निवेश का पता चला है। सूत्रों की मानें तो इन्‍हीं बातों को आधार बनाकर मलिक की हिरासत चाहिए।

मामले पर गरमाई महाराष्ट्र की राजनीति

इस मसले पर शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा कि नवाब मलिक वरिष्ठ नेता और महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री हैं। ईडी जिस तरह से उन्हें उनके घर से ले गई, वह महाराष्ट्र सरकार के लिए एक चुनौती है। हमारे राज्य में आकर एक मंत्री को केंद्रीय एजेंसियां ले जाती हैं। 2024 के बाद आपकी भी जांच होगी। इसे ध्यान में रखो।

देवेंद्र फडणवीस ने लगाए थे आरोप

गौरतलब है कि महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नवाब मलिक पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। फडणवीस ने मलिक पर अंडरवर्ल्‍ड से संबंधों का आरोप लगाया था। फडणवीस ने कहा था कि नवाब मलिक के परिवार ने अंडरवर्ल्ड के लोगों से जमीन खरीदी हैं। फडणवीस ने यह भी कहा था कि जमीन को दाऊद के लोगों से बेहद सस्‍ते दाम में ली गई। आखिर क्‍यों उन्‍होंने मुंबई ब्‍लास्‍ट के आरोपियों से जमीन की खरीद-फरोख्‍त की?

विस्फोट करने वालों से जमीन क्यों खरीदी

फडणवीस ने सवाल किया था कि नवाब मलिक आपने मुंबई के गुनहगारों, मुंबई में बम विस्फोट करने वालों से जमीन क्यों खरीदी? ऐसी कौन सी बात थी कि जिसके कारण मुंबई के गुनहगारों ने एलबीएस रोड पर तीन एकड़ जमीन आपको 20 लाख रुपये में दे दी? फडणवीस ने दावा किया था कि चार प्रॉपर्टी में 100 फीसदी अंडरवर्ल्ड का एंगल है। मेरे पास जो सारे सबूत हैं, मैं वो सक्षम प्राधिकारी को दूंगा। मैं ये सारे सबूत राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष शरद पवार को भी दूंगा, ताकि उनको भी पता चले कि उनके मंत्रियों ने क्या गुल खिलाए हैं।

Exit mobile version