Site icon Samagra Bharat News website

बीफ को लेकर बिहार में जेडीयू नेता की हत्‍या, प्रताड़ना का वीडियो वायरल, तेजस्‍वी ने उठाए सवाल

New facts have come to the fore in the murder of Janata Dal United (JDU) leader Khaleel Alam Rizvi (34 years) in Samastipur, Bihar.

समग्र समाचार सेवा

पटना24 फरवरी। बिहार के समस्तीपुर में जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) नेता खलील आलम रिजवी (34 वर्ष) की हत्‍या के मामले में नए तथ्‍य सामने आए हैं। अब एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें हत्‍या के शिकार जेडीयू नेता को बीफ खाने को लेकर प्रताड़ित करते दिखाया गया है। हालांकि, पुलिस इस वीडियो को सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने की साजिश मान रही है। पुलिस के अनुसार पड़ताल जारी है। अभी तक उपलब्‍ध जानकारी के अनुसार मामला फिरौती के लिए अपहरण व हत्‍या का है।

मामले पर गरमाई बिहार की सियासत

इस बीच घटना को लेकर राजनीति भी गरमाती दिख रही है। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्‍वी यादव ने वायरल वीडियो को ट्वीट कर मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार पर हमला किया है। तेजस्वी ने कहा कि बिहार में कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ गई हैं। गुंडे सरेराह लोगों को कत्ल कर रहे हैं और सरकार सो रही है। इस मामले में अपने दूसरे ट्वीट में तेजस्‍वी यादव ने मुख्‍यमंत्री से पूछा है कि बिहार में लगातार ऐसी घटनाएं क्यों हो रही हैं? लोग कानून अपने हाथ में क्यों ले रहे हैं?

गंडक नदी के किनारे बरामद हुआ शव

बीते शुक्रवार की देर रात पुलिस ने समस्‍तीपुर स्थित मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के बरबट्टा पंचायत अंतर्गत हुरहिया गांव निवासी जेडीयू नेता खलील आलम रिजवी का अधजला शव कल्याणपुर थाना क्षेत्र के वासुदेवपुर गांव में बूढ़ी गंडक नदी के किनारे बरामद किया था। मृतक के भाई रिज्जू ने बताया था कि खलील की हत्‍या के पहले उन्‍हें अगवा कर 3.75 लाख रूपये फिरौती मांगी गई थी। तब स्वजनों ने बताया था कि वे 16 फरवरी को सुबह घर से निकले तो अपराधियों ने उनका फिरौती के लिए अपहरण कर बाद में हत्या कर दी।

हत्‍या के पहले बना लिया था वीडियो

घटना व वायरल वीडियो के मामले में समस्‍तीपुर के एसपी हृदयकांत ने माना कि वायरल वीडियो जेडीयू नेता का ही हत्‍या के पहले का है। एसपी के अनुसार, हत्‍यारों ने इसे इस मकसद से बनाया था कि घटना के उद्भेदन के बाद इसे वायरल कर सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ सकें। पुलिस ने वीडियो वायरल किए जाने के मामले में भी एफआइआर दर्ज कर ली है।

राजद ने वीडियो शेयर किया

राष्‍ट्रीय जनता दल ने अपने आफिशियल ट्विटर हैंडल पर जेडीयू नेता की प्रताड़ना वाला वायरल वीडियो शेयर करते हुए लिखा है कि गाय के नाम पर बिहार में जबरन एक और इंसान की बलि ले ली गई। आरजेडी के अनुसार, बिहार सरकार ने कानून-व्यवस्था को अपराधियों और माफिया के हाथों नीलाम कर दिया है। इस ट्वीट में नीतीश कुमार पर अपराध पर आपराधिक चुप्पी का आरोप लगाया गया है।

Exit mobile version