Site icon Samagra Bharat News website

नवाब मलिक के बाद शिवसेना नेता के घर केंद्रीय जांच एजेंसी ने दी दस्तक

समग्र समाचार सेवा

मुंबई, 25 फरवरी। महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के वरिष्ठ नेता नवाब मलिक की गिरफ्तारी के बाद अब केंद्रीय जांच एजेंसी ने शिवसेना नेता यशवंत जाधव के घर दस्तक दी है। कल ही उनकी पत्नी ने नवाब मलिक की गिरफ्तारी के खिलाफ आयोजित विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया था।

यशवंत जाधव के आवास पर लगा छापा

मुंबई नगर निगम की स्थायी समिति के अध्यक्ष और शिवसेना नेता यशवंत जाधव के मझगांव स्थित आवास पर शुक्रवार सुबह आयकर अधिकारियों ने छापेमारी की। आयकर विभाग के अधिकारी सीआरपीएफ जवानों के साथ आज सुबह यशवंत जाधव के घर पहुंचे।  फिलहाल उनके घर पर दस्तावेजों की जांच की जा रही है। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि यशवंत जाधव से किस मामले में पूछताछ की जा रही है।

जाधव पिछले पांच साल से स्थायी समिति के अध्यक्ष

आपको बता दें कि यशवंत जाधव पिछले पांच साल से स्थायी समिति के अध्यक्ष हैं। बीजेपी नेता लगातार उन पर गुमनाम कंपनियों के जरिए वित्तीय हेरफेर का आरोप लगाते रहे हैं। कल ही यशवंत जाधव की पत्नी यामिनी जाधव ने नवाब मलिक के समर्थन में मंत्रालय के पास महा विकास अघाड़ी के प्रदर्शन में हिस्सा लिया था। धन शोधन के एक मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा महाराष्ट्र के मंत्री नवाब मलिक को गिरफ्तार किए जाने के विरोध में गुरुवार को महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार और राज्य के कई अन्य मंत्रियों ने यहां धरना दिया था।

महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास धरना प्रदर्शन

राज्य सचिवालय मंत्रालय के नजदीक महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास धरना स्थल पर सबसे पहले पवार पहुंचे। राज्य के गृह मंत्री दिलीप वाल्से पाटिल, स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे, राजस्व मंत्री बालासाहेब थोराट, जल संसाधन मंत्री जयंत पाटिल, आवास मंत्री जितेंद्र आव्हाड, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री छगन भुजबल, राहत एवं पुनर्वास मंत्री विजय वडेट्टीवार, गृह राज्य मंत्री सतेज पाटिल भी प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे।

जांच एजेंसियों का इस्तेमाल विरोधियों को खामोश करने के लिए: थोराट

महाराष्ट्र में शिवसेना, राकांपा और कांग्रेस की गठबंधन सरकार है। थोराट ने पत्रकारों से बात करते हुए दावा किया कि केन्द्रीय जांच एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक विरोधियों को खामोश करने के लिए किया जा रहा है। कांग्रेस नेता ने कहा,‘यह काफी दुर्भाग्यपूर्ण है और देश के इतिहास का एक काला अध्याय है।’

Exit mobile version