Site icon Samagra Bharat News website

यूक्रेन पर हमले के खिलाफ कई शहरों में प्रदर्शन, हिरासत में 1700 से ज्यादा लोग  

समग्र समाचार सेवा

मास्को, 25 फरवरी। यूक्रेन पर हमले के खिलाफ रूस के अंदर ही विरोध के स्वर उठने लगे हैं। रूस की राजधानी मास्को समेत कई शहरों में लोग यूक्रेन पर युद्ध के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। बता दें कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने गुरुवार सुबह यूक्रेन पर युद्ध का एलान किया था। रूस की पुलिस ने दर्जनों शहरों में प्रदर्शन कर रहे 1700 से ज्यादा लोगों को हिरासत में ले लिया है।

मास्को में ही 100 लोगों को हिरासत में लिया जा चुका

मास्को टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, दक्षिणी शहर तोल्याट्टी से दूर पूर्वी शहर खाबरोवस्क तक भी प्रदर्शन हुए। इसके अलावा राजधानी मास्को और सेंट पीटर्सबर्ग में भी प्रदर्शन हुए। मास्को में ही 100 लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है। सामाजिक कार्यकर्ता मरीना ने गुरुवार को रूसियों से यूक्रेन में रूसी सैन्य अभियान के खिलाफ मार्च में हिस्सा लेने की अपील की।

प्रदर्शनकारियों को दी गई चेतावनी

उधर, रूस में प्रदर्शनकारियों को चेतावनी दी गई है। रूसी सुरक्षाबलों ने कहा कि किसी भी तरह की अनाधिकृत सभाएं अवैध हैं। किसी भी तरह की सभा करने की मंजूरी नहीं है। रूस के हमले के खिलाफ अमेरिका में भी प्रदर्शन हो रहे हैं। व्हाइट हाउस के बाहर सैकड़ों लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया है। रूस के दूतावास के बाहर भी लोगों ने प्रदर्शन किया है।

रूसी हमलों में 137 लोगों की मौत की खबर

रूस के हमले में यूक्रेन में अब तक 137 लोगों की मौत हो चुकी है। यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेन्सकी ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने यह भी बताया कि राजधानी कीव से कुछ ही दूर पर स्थित चेर्नोबिल न्यूक्लियर साइट भी अब मास्को के नियंत्रण में चला गया है।

Exit mobile version