Site icon Samagra Bharat News website

महाविनाश की कगार पर दुनिया! दूसरे विश्व युद्ध के बाद पहली बार परमाणु हथियारों की दी गई धमकी

This has not happened in the history of the world for the past several decades, when a country has openly threatened a nuclear attack.

समग्र समाचार सेवा

मॉस्को25 फरवरी। विश्व इतिहास में बीते कई दशकों से ऐसा नहीं हुआ है, जब किसी देश ने खुले तौर पर परमाणु हमले की धमकी दी हो। लेकिन यूक्रेन पर हमला करने वाले व्लादिमीर पुतिन ने ऐसा किया है। यूक्रेन पर हमले से पहले दिए अपने भाषण में व्लादिमीर पुतिन ने दुनिया के तमाम देशों को धमकी दी है कि यदि उन्होंने दखल देने का प्रयास किया तो फिर उनके पास हथियार भी हैं। भले ही पुतिन अपनी इस धमकी पर अमल न करें, लेकिन यह दुनिया को डराने वाला जरूर है। पुतिन के इरादों से साफ है कि किसी भी एक चूक के चलते यूक्रेन में चल रहा युद्ध परमाणु जंग में तब्दील हो सकता है।

रूस दुनिया की सबसे बड़ी परमाणु ताकतों में से एक

पुतिन ने अपने भाषण में कहा, ‘सैन्य मामलों की बात करें तो सोवियत संघ के विघटन और अपनी ताकत के काफी कम होने के बाद भी आज का रूस दुनिया की सबसे बड़ी परमाणु ताकतों में से एक है।’ व्लादिमीर पुतिन ने कहा, ‘रूस के पास बड़े पैमाने पर हथियार हैं। ऐसे में किसी को भी इस बात का संदेह नहीं रखना चाहिए कि वे दखल देंगे और उनकी हार नहीं होगी। कोई भी हमारे देश पर हमला करता है तो फिर उसे परिणाम भुगतने होंगे।’ व्लादिमीर पुतिन के इस बयान से साफ है कि यूक्रेन पर चल रही जंग अमेरिका और रूस के बीच परमाणु युद्ध में तब्दील हो सकती है।

दुनिया भर में शीत युद्ध के हालात पैदा हो गए

इस धमकी के बाद से दुनिया भर में शीत युद्ध के हालात पैदा हो गए हैं। तब अमेरिका में स्कूली छात्रों को सायरन बजने पर डेस्क के नीचे छिपने की सलाह दी जाती है। हालांकि बर्लिन की दीवार घिरने के बाद यह खतरा लगातार टलता गया। फिर सोवियत संघ के विघटन के बाद तो यह पूरी तरह से ही समाप्त हो गया। बता दें कि 1945 में दूसरे विश्व युद्ध के बाद से अब तक किसी भी देश ने परमाणु हथियारों का इस्तेमाल नहीं किया है। तब अमेरिकी राष्ट्रपति हैरी ट्रूमैन ने जापान में परमाणु हथियार गिराए थे, जिसके चलते बड़ी संख्या में लोग मारे गए थे। इस हमले के बाद 2 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी।

अब यूक्रेन की राजधानी कीव भी खतरे मेंतीन तरफ से आगे बढ़ रहे रूसी टैंक और सैनिक

रूसी सैनिकों ने यूक्रेन के शहरों और सैन्य ठिकानों पर हवाई हमले करके उन्हें नेस्तानाबूत कर दिया है। अब रूसी सैनिक राजधानी कीव को तीन तरफ से घेर चुके हैं और आगे बढ़ रहे हैं। सैनिकों और टैंकों को भेजने के बाद शुक्रवार को राजधानी के बाहरी इलाके में रूसी सैनिकों ने यूक्रेन पर आक्रमण का और दबाव बढ़ा दिया है।  राजधानी कीव में शुक्रवार सुबह की शुरुआत रूसी मिसाइलों के धमाकों की आवाज के साथ हुआ। इसके अलावा कई क्षेत्रों में गोलियों की आवाज भी सुनाई दी। हालांकि दूसरी ओर पश्चिमी नेताओं ने एक आपातकालीन बैठक की और उधर, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की हमले को रोकने के लिए अंतरराष्ट्रीय मदद की गुहार लगा चुके हैं। उनका कहना है कि रूस उनकी लोकतांत्रिक रूप से चुनी गई सरकार को गिरा सकता है। इस वक्त यूक्रेन के लोग डरे हुए हैं और जिंदगी बचाने की जंग लड़ रहे हैं। देश को इस हमले से काफी आर्थिक नुकसान भी हुआ है।

यूक्रेन की वर्दी में रूस के सैनिक

यूक्रेन ने दावा किया है कि यूक्रेनी सेना की वर्दी पहने रूसी सैनिकों ने यूक्रेन के कई सैन्य वाहनों को जब्त कर लिया है और अब वे राजधानी कीव की ओर जा रहे हैं। एक स्थानीय कीव अखबार ने कहा, “रूसी सेना ने यूक्रेन के सशस्त्र बलों के दो वाहनों को जब्त कर लिया। उन्होंने यूक्रेनी सेना की वर्दी पहनी हुई है और अब वे कीव के केंद्र में जा रहे हैं। उनके पीछे रूसी सैन्य ट्रकों की कतार है।”

यूक्रेन सरेंडर करे तो हम बातचीत को तैयारः रूस

राजधानी कीव में रूसी सैनिक लगातार आगे बढ़ रहे हैं। ऐसे में यूक्रेन ने रूस से युद्धविराम की अपील की है। रूस के विदेश मंत्रालय ने दो टूक शब्दों में कहा है कि अगर यूक्रेन हथियार डाल देता है तो वो बातचीत को तैयार हैं।

Exit mobile version