Site icon Samagra Bharat News website

खुशखबरी! यूक्रेन से आने वाले भारतीय यात्रियों को कोविड-19 वैक्सीनेशन के भी मिलेगा प्रवेश

Amidst the ongoing war between Ukraine and Russia, the Delhi airport has issued a revised advisory for Indian nationals coming from Ukraine

समग्र समाचार सेवा

नई दिल्ली, 27 फरवरी। यूक्रेन और रूस के बीच जारी युद्ध के बीच दूसरे देशों के रास्ते यूक्रेन से आने वाले भारतीय नागरिकों के लिए दिल्ली हवाईअड्डे ने संशोधित एडवाइजरी जारी की है। इसके तहत जिन लोगों का कोरोना वैक्सीनेशन नहीं हुआ है और जिन लोगों के पास कोविड-19 की निगेटिव रिपोर्ट नहीं है वह लोग भी हवाईअड्डे पर आ सकते हैं।

दिल्ली हवाईअड्डे ने अपने ट्विटर हैंडल पर दी जानकारी

यूक्रेन से आ रहे यात्रियों के लिए दिल्ली हवाईअड्डे ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा कि लोगों को मानवीय आधार पर प्रस्थान से पहले एयर सुविधा पर डॉक्यूमेंट्स अपलोड करने से छूट दी जाएगी। ऐसे लोग जो भारतीय नागरिक हैं और जिन्हें कोरोना का टीका नहीं लगा है या जिन्होंने अपनी कोविड-19 की निगेटिव रिपोर्ट एयर सुविधा पर अपलोड नहीं की है, वह हवाईअड्डे पर प्रवेश कर सकते हैं।

भारतीयों को लाने के प्रयास हुए तेज

यूक्रेन और रूस में चल रहे सैन्य संघर्ष के दौरान यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों की सुरक्षित स्वदेश वापसी के लिए भारत सरकार लगातार कोशिश कर रही है। इसके लिए एयर इंडिया उड़ानें संचालित कर रहा है। इनमें दो उड़ानें रोमानिया की सीमा से होंगी और एक हंगरी से, जबकि रोमानिया से एक फ्लाइट मुंबई के लिए कई नागरिकों को लेकर उड़ान भर चुकी है। यह फ्लाइट यूक्रेन से निकाले गए 219 भारतीयों के साथ मुंबई के लिए रवाना हुई है।

250 भारतीय नागरिक दिल्ली हवाईअड्डे पहुंचे

एअर इंडिया की दूसरी निकासी उड़ान यूक्रेन में फंसे 250 भारतीय नागरिकों को लेकर रोमानिया की राजधानी बुखारेस्ट से रविवार तड़के दिल्ली हवाईअड्डे पर पहुंची। सरकारी अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने दिया गुलाब का फूल

नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने यूक्रेन से लाए गए भारतीयों को गुलाब का फूल देकर हवाईअड्डे पर उनका स्वागत किया। भारत ने यूक्रेन में रूसी सेना के आक्रमण के बीच वहां फंसे अपने नागरिकों को निकालने के लिए शनिवार को अभियान शुरू किया। पहली निकासी उड़ान एआई1944 से बुखारेस्ट से 219 लोगों को मुंबई लाया गया।

बुखारेस्ट और बुडापेस्ट से इसलिए परिचालित की जा रही उड़ाने

यूक्रेन के अधिकारियों ने 24 फरवरी की सुबह यात्री विमानों के परिचालन के लिए अपने देश का हवाई क्षेत्र बंद कर दिया था, इसलिए भारतीयों को स्वदेश लाने के लिए ये उड़ानें बुखारेस्ट और बुडापेस्ट से परिचालित की जा रही हैं। अधिकारियों ने बताया कि जो भी भारतीय नागरिक सड़क मार्ग से यूक्रेन-रोमानिया और यूक्रेन-हंगरी सीमा पर पहुंचे थे, उन्हें भारत सरकार के अधिकारियों की मदद से सड़क मार्ग से क्रमश: बुखारेस्ट और बुडापेस्ट ले जाया गया ताकि उन्हें एअर इंडिया की उड़ान के जरिए स्वदेश लाया जा सके। उन्होंने बताया कि सरकार यूक्रेन में फंसे नागरिकों को लाने के लिए कोई शुल्क नहीं वसूल रही है।

Exit mobile version