Site icon Samagra Bharat News website

यूक्रेन की इंच-इंच जमीन बचाएंगे, नहीं चलेगी रूस की मनमानीः बाइडेन

समग्र समाचार सेवा

वॉशिंगटन, 2 मार्च। यूक्रेन पर रूस लगातार हमला तेज कर रहा है। वहीं अमेरिका और अन्य पश्चिमी देश रूस पर लगातार प्रतिबंध लगा रहे हैं। अब अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा है कि वह रूस को मनमानी नहीं करने देंगे। उन्होंने कहा कि प्रतिबंधों के जरिए रूस की अर्थव्यवस्था ठप कर दी जाएगी और वह यूक्रेन की इंच-इंज जमीन की रक्षा करेंगे। हालांकि उन्होंने यूक्रेन में फौज उतारने को लेकर कुछ नहीं कहा।

अमेरिकी सेना रूस के साथ भिड़ेगी नहीं

बाइडेन ने कहा, अमेरिकी सेना रूस के साथ भिड़ेगी नहीं लेकिन वह रूस को मनमानी करने से रोकेंगे। उन्होंने कहा कि यूक्रेन की हर संभव मदद की जा रही है। मानवीय सहायता भेजी जा रही है। बाइडन ने कहा कि NATO देशों के साथ मिलकर वह यूक्रेन की इंच-इंच जमीन बचाएंगे।  अगर रूस मनमानी नहीं बंद करता है तो उसे इसकी कीमत चुकानी होगी।

अमेरिका ने यूक्रेन की तारीफ की

यूक्रेन की तारीफ करते हुए बाइडेन ने कहा कि वहां के लोग हिम्मत के साथ रूस का सामना कर रहे हैं। पुतिन भले ही इस समय यूक्रेन से ताकतवर हों लेकिन समय आने पर उन्हें इस आक्रोश की कीमत चुकानी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि यूरोपीय यूनियन और अमेरिका मिलकर काम कर रहा है और रूस के नेताओं के लग्जरी अपार्टमेंट, अन्य संपत्ति और जेट विमान जब्त किए जा रहे हैं।

पुतिन को युद्ध रोकने के प्रयास करने चाहिए थे

बाइडेन ने कहा कि इतिहास बताता है जब भी कोई तानाशाह आतंक मचाता है तो उसकी दुर्दशा भी होती है। पुतिन को इस युद्ध को रोकने के लिए जो प्रयास करने चाहिए थे, उन्होंने नहीं किए। एक तरफ बातचीत का नाटक किया तो दूसरी तरफ यूक्रेन के आम नागरिकों की भी जान लेने लगे। पुतिन को लगता था कि पश्चिमी देश बिखर जाएंगे लेकिन ऐसा नहीं है। हम सब मिलकर इस हरकत के लिए रूस को जवाब देंगे।

Exit mobile version