Site icon Samagra Bharat News website

मप्र  के नए डीजीपी सुधीर कुमार सक्सेना ने संभाला पदभार

समग्र समाचार सेवा

भोपाल, 5 मार्च। भारतीय पुलिस सेवा के वर्ष 1987 बैच के वरिष्ठ अधिकारी सुधीर कुमार सक्सेना ने शुक्रवार को सायंकाल में मध्यप्रदेश के पुलिस महानिदेशक पद (डीजीपी) का कार्यभार ग्रहण कर लिया है। शुक्रवार को पुलिस महानिदेशक का पद भार संभालने के लिए पुलिस मुख्यालय पहुंचने पर सक्सेना को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।

पुलिस महानिदेशक विवेक जौहरी ने उन्हें कार्यभार सौंपा

इसके बाद पुलिस महानिदेशक विवेक जौहरी ने उन्हें कार्यभार सौंपा। सुधीर कुमार सक्सेना इससे पहले सचिव (सुरक्षा) केबिनेट सेकेट्रिएट भारत सरकार के रूप में पदस्थ थे। बता दें कि भारतीय पुलिस सेवा के वरिष्ठ अधिकारी सक्सेना अभियांत्रिकी में स्नातकोत्तर (एमटेक) हैं। उन्हें उल्लेखनीय पुलिस कार्यों के लिए वर्ष 2003 में राष्ट्रपति के सराहनीय सेवा पदक और वर्ष 2012 में विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया था।

सक्सेना इन महत्वपूर्ण पदों पर दे चुके सेवा

सक्सेना रायगढ़, छिंदवाड़ा, रतलाम व जबलपुर जिले के पुलिस अधीक्षक रह चुके हैं। उन्होंने अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक प्रशासन व विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी मुख्यमंत्री के दायित्व का निर्वहन भी किया है। इसके अलावा पुलिस उप महानिरीक्षक अजाक पुलिस मुख्यालय व सीआईडी पुलिस मुख्यालय के रूप में भी पदस्थ रहे हैं। सक्सेना को केन्द्र में पुलिस उप महानिरीक्षक सीबीआई व अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक सीआईएसएफ के पद पर कार्य करने का अनुभव है।

Exit mobile version