Site icon Samagra Bharat News website

26 मार्च से आईपीएल का आगाज, पहला मैच सीएसके और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच

समग्र समाचार सेवा

नई दिल्ली, 6 मार्च। आइपीएल 2022 की शुरुआत 26 मार्च से होगी और इसका समापन 29 मई को होगा। इस बार कुल 10 टीमें इस टूर्नामेंट में हिस्सा ले रही हैं और 70 लीग मैच खेले जाएंगे। अब बीसीसीआई ने आइपीएल 2022 के पूरे शेड्यूल की घोषणा कर दी है जिसके मुताबिक इस सीजन का पहला मैच 26 मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेला जाएगा। इस सीजन में 65 दिनों के अंदर 70 लीग मैच और चार प्लेआफ मुकाबले खेले जाएंगे।

इस सीजन में हिस्सा ले रही 10 टीमों को दो ग्रुप में बांटा गया

इस सीजन में हिस्सा ले रही 10 टीमों को दो ग्रुप में बांटा गया है। इसमें ग्रुप ए में मुंबई इंडियंस, कोलकाता नाइट राइडर्स, राजस्थान रायल्स, दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स को रखा गया है जबकि ग्रुप बी में चेन्नई सुपर किंग्स, सनराइजर्स हैदराबाद, रायल चैलेंजर्स बैंगलोर, पंजाब किंग्स, और गुजरात टाइटन्स को जगह दी गई है। हर टीम को इस सीजन में 14 मुकाबले खेलने हैं जिसमें पांच टीमों के साथ दो-दो मैच जबकि चार टीमों के साथ एक मैच खेलना है।

लीग मैचों के लिए इन चार स्टेडियम का चुनाव किया गया

इस बार लीग मैचों के लिए चार स्टेडियम का चुनाव किया गया है जिसमें तीन स्टेडियम मुंबई के हैं जबकि एक स्टेडियम पुणे में है। इस सीजन में कई दिन दो मैचों का आयोजन किया जाना है। 27 मार्च को इसकी शुरुआत होगी यानी इस दिन इस सीजन का पहले डबल हेडल मैच खेला जाएगा। महाराष्ट्र सरकार ने 25 फीसदी दर्शकों को मैच देखने की इजाजत देने की बात कही है तो वहीं प्लेआफ मुकाबलों के स्थान की घोषणा अब तक नहीं की गई है।

Exit mobile version