Site icon Samagra Bharat News website

उप्र में भाजपा-सपा की टक्कर में कांग्रेस बेहाल

समग्र समाचार सेवा

लखनऊ, 10 मार्च। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के तहत वोटों की काउंटिंग जारी है। पहले शुरुआती दो घंटे के रुझानों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने समाजवादी पार्टी से काफी बढ़त हासिल कर ली है। भारतीय जनता पार्टी सुबह 10 बजे तक 254 सीटों पर आगे चल रही है। पार्टी को रुझानों में बहुमत मिल चुका है, जबकि कांग्रेस पार्टी 5 सीटों पर आगे चल रही है और बसपा को 6 सीटों पर बढ़त दिख रही है।

लड़की हूंलड़ सकती हूं के नारा फेल

उत्तर प्रदेश में इस बार कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने काफी मेहनत की है। लड़की हूं, लड़ सकती हूं के नारे के साथ प्रियंका गांधी ने यूपी में कांग्रेस की जमीन तलाशने की पूरी कोशिश की है। महिलाओं को प्राथमिकता देते हुए 40 फीसदी सीटों पर महिला उम्मीदवार उतारे गए थे। प्रियंका गांधी ने इस बार यूपी में अकेले मोर्चा संभाला। पार्टी ने अपने दम पर चुनाव लड़ने का फैसला किया। हालांकि, इस चुनाव में पार्टी को अपेक्षित सफलता मिलती नहीं दिख रही है।

2017 में भी कांग्रेस प्रदेश में नहीं बना पाई थी जगह

कांग्रेस पार्टी ने 2017 के चुनाव में समाजवादी पार्टी के साथ चुनाव लड़ा था। तब राहुल गांधी के चेहरे को आगे किया गया था। राहुल और अखिलेश की जोड़ी को दो लड़कों की जोड़ी कहकर खूब प्रचारित किया गया था। लेकिन गठबंधन भाजपा का मुकाबला करने में असफल रहा था और केवल 47 सीटों पर सिमटने के बाद बिखराव हो गया था।

खिलेश यादव ने इस बार कांग्रेस को साथ लेने में दिलचस्पी नहीं दिखाई

अखिलेश यादव ने इस बार कांग्रेस को साथ लेने में दिलचस्पी नहीं दिखाई और सुभासपा, रालोद जैसे दलों के साथ गठबंधन किया। चुनाव प्रचार के दौरान प्रियंका गांधी ने इशारा किया था कि यदि जरूरत पड़ी तो उनकी पार्टी सपा को समर्थन दे सकती है। हालांकि, बीजेपी अकेले दम पर सरकार बनाती दिख रही है और सपा को कांग्रेस के समर्थन की आवश्यकता नहीं होगी।

Exit mobile version