Site icon Samagra Bharat News website

पंजाबः दिग्गजों की हार, सिद्धू, सीएम चन्नी और प्रकाश सिंह बादल भी नहीं बचा सके गढ़

समग्र समाचार सेवा

चंडीगढ़, 10 मार्च। पंजाब में सभी सीटों के रुझान आ गए हैं। इसमें आम आदमी पार्टी को स्पष्ट बहुमत मिल गया है। वहीं कैप्टन अमरिंदर सिंह समेत कई दिग्गज मात खा गए हैं। लंबी से प्रकाश सिंह बादल हार गए हैं। वहीं आप के सीएम चेहरे भगवंत मान ने कहा कि वे मुख्यमंत्री पद की शपथ राजभवन में नहीं बल्कि भगत सिंह के गांव खटकड़कलां में लेंगे। उधर सीएम चरणजीत चन्नी भदौड़ और चमकौर साहिब दोनों सीटों से हार गए हैं।

सुखबीर ने स्वीकारी हार, सिद्धू भी नहीं बचा पाए अपना किला

शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने हार पर कहा कि हम पूरे दिल से और पूरी विनम्रता के साथ पंजाबियों द्वारा दिए गए जनादेश को स्वीकार करते हैं। सुखबीर बादल जलालाबाद से हार गए हैं। वहीं प्रकाश सिंह बादल लंबी से हार की कगार पर हैं। उधर अमृतसर पूर्वी से कांग्रेस के प्रदेश प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू हार गए हैं। उन्हें आप की जीवन जोत ने हराया।

भगवंत मान ने किया लोगों का धन्यवाद

पंजाब विधानसभा चुनाव में जीत मिलने के बाद आप के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार भगवंत मान ने संगरूर में अपने आवास पर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों का अभिवादन किया। पार्टी की जीत पर भगवंत मान के परिवार ने भावुक प्रतिक्रिया दी। उधर जालंधर नॉर्थ के मतगणना केंद्र पर भाजपा नेता किशन लाल शर्मा से मारपीट का मामला सामने आया है। भाजपा उम्मीदवार केडी भंडारी व पुलिस मौके पर पहुंची।

कैप्टन ने भी स्वीकारी हार

कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि मैं पूरी विनम्रता के साथ लोगों के फैसले को स्वीकार करता हूं। पंजाबियों ने सांप्रदायिक और जातिगत रेखाओं से ऊपर उठकर और मतदान करके पंजाबियत की सच्ची भावना दिखाई है। जालंधर के करतारपुर से आम आदमी पार्टी के नेता पूर्व डीसीपी बलकार सिंह 4011 वोटों से जीत गए हैं। उन्हें 41651 और कांग्रेस के चौधरी सुरिंदर सिंह को 37130 वोट पड़े।

डेराबस्सी से जीते कुलजीत रंधावा

डेराबस्सी से आम आदमी पार्टी के कुलजीत सिंह रंधावा जीत गए हैं। पूर्व विधायक विधायक एनके शर्मा ने अपनी हार को स्वीकार करते हुए कुलजीत सिंह रंधावा को जीत की बधाई दी कैप्टन अमरिंदर सिंह पटियाला शहरी से हार गए हैं। उन्हें 19697 वोटों से शिकस्त मिली।

बठिंडा की छह विधान सभा सीटों पर कांग्रेस का पूरी तरह से सफाया

बठिंडा की छह विधानसभा सीटों पर कांग्रेस का सफाया हो गया है। रामपुरा सीट पर आप एवं अकाली दल के बीच टक्कर चल रही है।

अब उठता पंजाब

आप पंजाब सह प्रभारी राघव चड्ढा ने कहा कि पंजाब अब से ‘उड़ता पंजाब’ के नाम से नहीं जाना जाएगा, बल्कि ‘उठता पंजाब’ होगा। सारा श्रेय आप कार्यकर्ताओं को जाता है, उन्होंने दिन या रात, गर्मी या सर्दी नहीं देखी, और पार्टी के लिए काम करना जारी रखा। आप सभी के लिए उत्तरोत्तर काम करेगी।

Exit mobile version