Site icon Samagra Bharat News website

अमेठी में भूमि विवाद को लेकर खूनी संघर्ष, चार लोगों की पीट-पीटकर हत्या

समग्र समाचार सेवा

अमेठी 16 मार्च। आबादी की जमीन पर कब्जे को लेकर पूर्व प्रधान, उनके माता-पिता और भाई समेत चार लोगों की लाठियों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस दौरान छह लोग घायल भी हुए हैं, जिन्हें गौरीगंज संयुक्त जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना अमेठी के राजापुर गांव के मजरे गुंगवाच में देर रात की है। यहां आबादी की जमीन को लेकर राम दुलारे और संकठा प्रसाद यादव के बीच विवाद चल रहा है।

चार लोगों को मौके पर हुई मौत

संकटा प्रसाद के बेटे हनुमान विवादित भूमि पर मौरंग गिरवा रहे थे, तभी रामदुलारे के पक्ष के लोगों ने उन पर हमला बोल दिया। मारपीट के दौरान गंभीर चोट लगने से संकठा प्रसाद, उनकी पत्नी पार्वती उर्फ ननका, उनके बेटे पूर्व प्रधान अमरेश यादव और हनुमान की मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा अमरेश की पत्नी धन्नोदेवी, अमरेश का बेटा राजकुमार यादव, संकठा का बेटा अशोक समेत सात लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए।

घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती

सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाद में राजकुमार और धन्नो को लखनऊ रेफर कर दिया गया। इस चार हत्याओं के बाद दूसरा पक्ष गांव से फरार हो गया। जानकारी के मुताबिक, गांव के बाहर के लोग भी इस घटना में रामदुलार पक्ष का साथ देने आए थे। अमेठी कोतवाली प्रभारी विनोद सिंह ने बताया कि इस घटना की तहरीर मिल चुकी है। मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस घटना से संबंधित कोई भी आरोपित बचने नहीं पाएगा।

Exit mobile version