Site icon Samagra Bharat News website

भाजपा ने जीतकर जनता को दिया महंगाई का तोहफाः अखिलेश

समग्र समाचार सेवा

लखनऊ, 16 मार्च। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने महंगाई को लेकर योगी सरकार पर निशाना साधा है। अखिलेश यादव ने कहा है कि विधानसभा चुनाव समाप्त होते ही भाजपा ने होली के त्योहार पर महंगाई का तोहफा देकर अपने मतदाताओं का कर्ज उतार दिया है। आटा, मैदा, तेल, घी समेत सब कुछ महंगा हो गया है। उन्होंने यह भी कहा है कि 2024 में जनता भाजपा को करारा सबक सिखाएगी।

जनता के बड़े वर्ग का भरोसा समाजवादी पार्टी पर

समाजवादी पार्टी की ओर से जारी बयान के मुताबिक अखिलेश यादव ने कहा, ”उत्तर प्रदेश विधानसभा 2022 के चुनाव नतीजों से जाहिर है कि जनता के बड़े वर्ग का भरोसा समाजवादी पार्टी पर है। सत्ताधारी याद रखे, छल से बल नहीं मिलता है।”

इशारों में ईवीएम में गड़बड़ी का आरोप

इशारों में ईवीएम में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए अखिलेश यादव ने कहा, ”पोस्टल बैलेट में समाजवादी पार्टी-गठबंधन को मिले 51.5 प्रतिशत वोट और उनके हिसाब से 304 सीटों पर हुई समाजवादी पार्टी -गठबंधन की जीत चुनाव का सच बयान कर रही है। वैसे भी उत्तर प्रदेश के मतदाताओं ने समाजवादी पार्टी की ढ़ाई गुना सीटें बढ़ाकर अपना रूझान जता दिया है और भाजपा की सीटों का घटाव भविष्य का संकेत है।”

भाजपा के संरक्षण में अपराधी तत्व फिर सक्रिय हो उठे

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के संरक्षण में अपराधी तत्व फिर सक्रिय हो उठे हैं। मुख्यमंत्री जी के गृह जनपद गोरखपुर में कानून व्यवस्था बिगड़ने लगी है। न कानून का डर है न पुलिस का खौफ। एक मजदूर की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई।

धान खरीद न होने से किसान बेहाल

सपा अध्यक्ष ने कहा, ”इसी तरह धान खरीद न होने से किसान बेहाल है। कई जगहों पर खरीद की अवधि समाप्त हो गई पर किसानों का धान नहीं खरीदा गया। समय पर किसानों को खाद भी नहीं मिली। भाजपा की सच्चाई सबके सामने है। झूठ का भाजपाई व्यापार ज्यादा चलने वाला नहीं है। जनता ने अब आगे के लिए भी अपनी मंशा का संकेत दे दिया है। वर्ष 2024 में भाजपा को जनता करारा सबक सिखाएगी।”

Exit mobile version