Site icon Samagra Bharat News website

ग्रीन, पिंक और वायलेट लाइन पर अफरातफरी, 3 घंटे बाद सामान्य हुईं मेट्रो सेवाएं

समग्र समाचार सेवा

नई दिल्ली, 17 मार्च। दिल्ली मेट्रो की पिंक, ग्रीन और वायलेट लाइन के हजारों यात्री बृहस्पतिवार सुबह से परेशान हैं। तकनीकी खामी के चलते इन तीनों रूटों पर दिल्ली मेट्रो की ट्रेनें बेहद धीमी गति से चल रही हैं। इससे हजारों यात्री परेशान हैं। वहीं, इस बीच डीएमआरसी ने ट्वीट कर जानकारी दी है कि मेट्रो सेवाएं अब सामान्य रूप से चल रही हैं, अब सेवाओं में कोई विलंब नहीं है। हालांकि, किसी और असुविधा से बचने के लिए सिस्टम अभी भी निगरानी में है। बावजूद इसके लोगों की परेशानी धीरे-धीरे खत्म होगी और इसमें कुछ समय लगेगा।

समय से दफ्तर नहीं पहुंच पाए लोग

ग्रीन, पिंक और वायलेट लाइन में आई खराबी के चलते ट्रेनों के धीरे चलने का असर यह हुआ कि ज्यादातर लोग अपने गंतव्य तक पहुंच ही नहीं पाए और कई तो मेट्रो ट्रेनों में ही फंसे रहे। वहीं, ग्रीन लाइन मेट्रो के तहत आने वाले ब्रिगेडियर होशियार सिंह और बहादुरगढ़ सिटी मेट्रो स्टेशन को बंद तक करना पड़ा, हालांकि कुछ देर बाद इन्हें खोल दिया गया। इससे पहले डीएमआरसी ने बृहस्पतिवार सुबह 9 बजे के आसपास ट्वीट करके जानकारी दी थी कि दिल्ली मेट्रो की पिंक, वायलेट और ग्रीन लाइन पर मेट्रो देरी से चल रही है। इसके साथ ही लोगों को यह भी सलाह दी थी कि इस परेशानी के चलते यात्री अतिरिक्त समय लेकर मेट्रो का सफर करें।

मेट्रो स्टेशनों के अंदर और बाहर भारी भीड़

पीक आवर में आई इस समस्या के कारण ग्रीन, पिंक और वायलेट पर आई समस्या का सीधा असर ब्लू, मजेंटा व अन्य लाइनों पर भी देखने को मिला। यहां पर भी स्टेशनों पर भीड़ जमा हो गई। डीएमआरसी प्रवक्ता का कहना है कि बृहस्पतिवार सुबह ग्रीन, पिंक और वायलेट लाइन पर सिग्नलिंग सिस्टम में कुछ खराबी आ गई थी, जिसके कारण मेट्रो ट्रेनों की गति धीमी हो गई। इसका असर यह हुआ कि ट्रेनें समय पर नहीं पहुंची और मेट्रो स्टेशनों के अंदर यात्रियों की संख्या बढ़ती रही। एक स्थिति के बाद मेट्रो स्टेशन परिसर पूरी तरह भर गए। इसके बाद मेट्रो स्टेशनों के बाहर भी यात्रियों की संख्या में भारी इजाफा हो गया।

तकनीकी कारणों से प्रभावित हुई मेट्रो सेवा

वहीं, दिल्ली मेट्रो के अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी कारणों से बृहस्पतिवार सुबह दिल्ली मेट्रो की वायलेट, ग्रीन और पिंक लाइन पर मेट्रो सेवाएं प्रभावित हो गईं। तकनीकी खामी के चलते मेट्रो ट्रेनों की रफ्तार भी धीमी रही। ऐसे डीएमआरसी ने अपने यात्रियों को सलाह दी थी कि वे अतिरिक्त समय को ध्यान में रखकर मेट्रो में यात्रा करें। जानकारों की मानें तो होली त्योहार पर लोग दिल्ली से अपने गृह जिले और शहरों में जा रहे हैं। ऐसे में रेलवे स्टेशन या फिर बस अड्डों तक जाने के लिए लोग दिल्ली मेट्रो को प्राथमिकता दे रहे हैं, जिससे अन्य दिनों की तुलना में बृहस्पतिवार को अधिक भीड़ नजर आई। वहीं, दिल्ली मेट्रो के अधिकारियों ने खामी दूर होते ही इन तीनों लाइनों (ग्रीन, वायलेट और पिंक) पर सेवाएं सामान्य होने का दावा किया, लेकिन हालात काबू में आने में समय लगेगा।

होली के दिन दोपहर ढ़ाई बजे तक उपलब्ध नहीं होगी मेट्रो

होली त्योहार पर दिल्ली मेट्रो रेल निगम के कर्मचारी और अधिकारी आधे दिन के अवकाश पर रहेंगे, ऐसे में शुक्रवार को होली के दिन मेट्रो परिचालन के समय में बदलाव किया गया है। नए बदलाव के अनुसार, शुक्रवार को दोपहर ढाई बजे तक दिल्ली मेट्रो के सभी कारिडोर पर मेट्रो का परिचालन बंद रहेगा। ऐसा कई सालों से होता आ रहा है। इसके पीछे वजह यह है कि दिल्ली मेट्रो के परिचालन से जुड़े कर्मचारी भी अपने परिवार के साथ होली मना सकें। ऐसे में डीएमआरसी की ओर से यह नया शेड्यूल जारी किया गया है,जिससे आम यात्री में अवगत हो सकें।

Exit mobile version