Site icon Samagra Bharat News website

राजस्थान में रोते-बिलखते बच्चों के सामने ही मां से हैवानियत, पति बेबस

समग्र समाचार सेवा

जयपुर, 19 मार्च। राजस्थान के धौलपुर  जिले में एक दलित महिला को उसके पति और बच्चों के सामने निर्वस्त्र कर गैंगरेप करने की घटना सामने आई है। घटना को अंजाम देने के बाद लगभग आधा दर्जन आरोपितों ने पीड़ितों के साथ मारपीट की और वहाँ से फरार हो गए। इस मामले में पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है, लेकिन अभी तक किसी आरोपित की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

घटना धौलपुर जिले के कंचनपुर थाना क्षेत्र की

घटना धौलपुर जिले के कंचनपुर थाना क्षेत्र की है। 26 वर्षीया पीड़िता ने पुलिस को दी गई अपनी शिकायत में बताया कि मंगलवार (15 मार्च) की शाम को वह पति और बच्चों के साथ फसल काटकर खेत से घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में गाँव के करीब आधा दर्जन लोगों ने उसका रास्ता रोक लिया और हथियार दिखाकर मारपीट करने लगे।

आरोपितों ने पति के साथ मारपीट की

पीड़िता का कहना है कि आरोपितों ने उसके पति के साथ मारपीट की। इस दौरान उसके पति के सिर पर कट्टे के बट से वार किया। उसके बाद आरोपितों ने उसके साथ मारपीट की और कट्टे का भय दिखाकर उसे निर्वस्त्र किया और बच्चों के सामने ही गैंगरेप किया। इस दौरान उसके बच्चे ये सब देख चीखते-चिल्लाते रहे, लेकिन आरोपितों पर इसका प्रभाव नहीं पड़ा। आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपितों ने पीड़ित परिवार के लोगों के साथ मारपीट भी की और फिर फरार हो गए।

नामजद आरोपियों के खिलाफ गैंगरेप और संगीन धाराओं में केस दर्ज

मामले की जांच कर रहे सैपऊ के पुलिस उपाधीक्षक विजय सिंह ने बताया कि पीड़िता की ओर से दी गई रिपोर्ट पर नामजद आरोपियों के खिलाफ गैंगरेप और संगीन धाराओं में केस दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि पीड़िता का पर्चा बयान लेकर मेडिकल कराया जाएगा। आरोपितों की तलाश जारी है।

Exit mobile version