Site icon Samagra Bharat News website

साहिबगंज से मनिहारी जा रहा मालवाहक जहाज गंगा में डूबा, ड्राइवर लापता

समग्र समाचार सेवा

साहिबगंज, 25 मार्च। झारखंड के साहिबगंज और बिहार के कटिहार जिले के मनिहारी घाट के बीच गंगा नदी में एक मालवाहक जहाज पलट  गया है। जहाज पर करीब एक दर्जन स्टोन लोड ट्रकों के होने की बात कही जा रही है। इसके साथ ही ट्रकों के ड्राइवर और खलासी भी सवार था। हादसे में जहाज के चालक दल के सदस्यों और ट्रकों के ड्राइवर-खलासी के डूबने की आशंका है। गंगा में जहाज के डूबने की सूचना मिलने के बाद साहिबगंज प्रशासन बचाव एवं राहत कार्य के लिए सक्रिय है। जहाज साहिबगंज से मनिहारी की तरफ जा रहा था।

मालवाहक जहाजों से स्टोन चिप्स भेजा जाता है

झारखंड के साहिबगंज के बिहार के कटिहार की तरफ मालवाहक जहाजों से स्टोन चिप्स ( पत्थर) भेजा जाता है। गुरुवार की रात साहिबगंज घाट से करीब एक दर्जन लोड ट्रकों के साथ जहाज बिहार की तरफ रवाना हुआ। अनियंत्रित होकर बीच नदी में पलट गया। इसकी जानकारी मिलने के बाद इधर साहिबगंज और उधर कटिहार प्रशासन सकते में आ गया।

एनडीआरएफ से मांगी गई मदद

हादसे की सूचना मिलने के बाद बचाव एवं राहत के लिए साहिबगंज प्रशासन सक्रिय है। एनडीआरएफ  से मदद मांगी गई है। देवघर  से एनडीआरएफ की एक टीम साहिबगंज चल चुकी है। साहिबगंज थाना प्रभारी ने हादसे की पुष्टि की है। हालांकि मालवाहक जहाज पर लोड ट्रकों की संख्या और ड्राइवर-खलासी की संख्या पर उन्होंने कहा कि अभी बताना मुश्किल है।

ऐसे हुआ हादसा, जानें पूरा मामला

बताया जाता है कि जहाज पर लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर नदी में गिर गया। इस वजह से जहाज का संतुलन बिगड़ गया और पूरा जहाज ही डूब गया। उसपर सवार ट्रक चालक व खलासी तथा जहाज के कर्मियों के भी डूबने की बात सामने आ रही है। 2020 में राजमहल से पश्चिम बंगाल के मानिकचक जा रहा जहाज अनियंत्रित होकर पलट गया था। कई ट्रक गंगा में समा गये थे। कई लोगों की मौत भी हुई थी। इससे पूर्व 2018 में समदा में एक जहाज पलट गया था जिसमें भी कई लोगों की मौत हुई थी।

Exit mobile version