Site icon Samagra Bharat News website

गोपूजन करने पर पंजाब विधानसभा के स्पीकर ने अकाल तख्त से मांगी माफी

समग्र समाचार सेवा

चंडीगढ़, 28 मार्च। पंजाब विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवान ने अकाल तख्त से गाय की पूजा करने को लेकर माफी मांगी है। दरअसल, स्पीकर के गौशाला में गोपूजन को लेकर राजनीति गरमा गई थी, इसे सिख सिद्धांतों के खिलाफ बताया गया। अकाल तख्त के जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह को कल रात जमा किया गया माफीनामा अभी तक नहीं मिला है।

माफी पत्र कल जत्थेदार को प्राप्त होने की संभावना

सिख संगत की आलोचना के बाद संधवान ने कल रात स्वर्ण मंदिर में मत्था टेका। अकाल तख्त सचिवालय बंद होने पर उन्होंने स्वर्ण मंदिर के एक प्रबंधक को एक पत्र सौंपा। साप्ताहिक अवकाश के कारण आज सचिवालय नहीं खुला। ऐसे में माफी पत्र कल जत्थेदार को प्राप्त होने की संभावना है।

अनजाने में हुई गलती से सिख भावनाओं को पहुंची ठेस

माफी पत्र में संधवान ने बताया कि वह गोशाला में एक निमंत्रण पर गए थे, जहां गाय की पूजा चल रही थी। उन्होंने कहा कि अनजाने में हुई गलती से सिख भावनाओं को ठेस पहुंची है। उन्होंने इसके लिए पंथ से माफी मांगी है। उन्होंने कहा कि वह अपने धर्म के प्रति प्रतिबद्ध हैं, लेकिन अन्य धर्मों का भी सम्मान करते हैं। इस संबंध में एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।

Exit mobile version