समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 31मार्च। राजस्थान की उद्योग मंत्री श्रीमती शकुंतला रावत ने राजस्थान स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में बीकानेर हाउस के चांदनी बाग में आयोजित आठ दिवसीय राजस्थान उत्सव में बुधवार को सांय पारम्परिक चंग नृत्य कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए कहा कि देश की राजधानी दिल्ली में इस तरह के कार्यक्रम प्रवासी राजस्थानियों को प्रदेश की संस्कृति से जोड़ने के प्रयास में कारगर सिद्ध होंगे।

चांदनी बाग में पारम्परिक चंग नृत्य की रंगारंग प्रस्तुति ने प्रवासी राजस्थानियों सहित सभी आगंतुकों का मन मोह लिया। राजस्थान फाउंडेशन और राजस्थान स्टूडियो की ओर से आयोजित इस सांस्कृतिक आयोजन में राजस्थान के शेखावाटी क्षेत्र के प्रसिद्ध लोक गायक कलाकार गणेश खिची और साथी कलाकारों ने धमाकेदार प्रस्तुति दे कर शाम को कृष्णमय बना दिया। बांसुरी की मधुर तान पर चंग की लयबद्ध ताल पर जब कलाकारों ने नृत्य आरम्भ किया तो सभी उपस्थित ऑनग्रांउड एवं ऑनलाइन कलाप्रेमी गाने एवं झुमने लगे।
चंग नृत्य में प्रस्तुत डिवोशनल गीतों में – रंग मत डारे रे सांवरिया म्हारो गूजर मारे रे, घर मत आजे काना सास बुरी छः नन्दूली नादान म्हाने बोल्या मारे रे, नैना नीचा करले श्याम से मिलावेली काई रे नैना नीचा करले, चार तो चंगा की टोल्या बाजारां में बाजे रै, चालो देखण ने बाई सा थारो बीरो नाचै रै, ढप बाज्यों रे श्याम अलबेल्या को ढप बाज्यारे, आदि गीत शामिल थे। गणेश खिची के साथ गायन में सिमरन सिंह ने संगत दी। अन्य साथी कलाकारों में चंग प्लेयर नवरंग सिंह शेखावत, जुगल सिंह एवं नरेंद्र सोनी शामिल थे जबकि ऑक्टोपैड पर हेमंत जुथारिया, ढ़ोलक पर जगदीश राव और दीपक चैहान ने कीबोर्ड पर संगत दी।
इससे पूर्व उद्योग मंत्री श्रीमती शकुंतला रावत के बीकोनर हाउस आगमन पर राजस्थानी परम्परानुसार श्री धीरज श्रीवास्वत ने उनका स्वागत किया। राजस्थान पर्यटन के सहायक निदेशक श्री छत्रापाल यादव ने उन्हें पगड़ी पहनाकर उनका आभार व्यक्त किया। श्रीमती रावत ने रूडा द्वारा आयोजित हाट बाजार का अवलोकन करते हुए प्रदेश के विभिन्न अंचलों से आए प्रतिनिधियों से उनके स्टॉल्स पर जाकर उनके उत्पादों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
उल्लेखनीय है कि 24 मार्च से 31 मार्च तक चलने वाले इस राजस्थान उत्सव के दौरान विभिन्न प्रकार के राजस्थान संस्कृति से जुड़े कार्यक्रमों के आयोजन के साथ ही विन्टेज रैली को दर्शकों ने खूब सराहा। कल इस उत्सव का समापन होगा।