Site icon Samagra Bharat News website

शिवसेना नेता यशवंत जाधव के खिलाफ आयकर  का एक्शन, 5 करोड़ के फ्लैट समेत 41 संपत्तियां जब्त

समग्र समाचार सेवा

मुंबई, 9 अप्रैल। आयकर विभाग ने शिवसेना नेता और बीएमसी की स्थायी समिति के अध्यक्ष यशवंत जाधव की करीब 41 संपत्तियां कुर्क की हैं। जो संपत्तियां जब्त की गई हैं, उनमें बांद्रा में 5 करोड़ रुपये का एक प्लॉट भी शामिल है। इसके अलावा भायखला में 31 फ्लैट और बांद्रा में 5 करोड़ के दो फ्लैट शामिल हैं। जाधव पर यह कार्रवाई टैक्स चोरी को लेकर की गई है। आयकर विभाग की यह पिछले एक साल में सबसे बड़ी कार्रवाई है।

परिवार के सदस्य व करीबियों के नाम है संपत्ति

अधिकारियों को जाधव के बीएमसी की स्थायी समिति के अध्यक्ष होने के दौरान सभी संपत्तियों के अधिग्रहण का संदेह है। विभाग के सूत्रों ने बताया कि कुर्क की गई संपत्तियां यशवंत जाधव, उनके परिवार के सदस्यों और करीबी सहयोगियों के नाम पर पंजीकृत हैं। एक होटल का नाम शिवसेना विधायक और जाधव की पत्नी यामिनी जाधव की मां सुनंदा मोहिते के नाम पर रखा गया है।

आरोपी के सहयोगी बयान दर्ज कराने नहीं आए

विभाग ने शिवसेना नेता विलास मोहिते और विनीत जाधव के करीबी सहयोगियों को अपना बयान दर्ज कराने के लिए तलब किया था, लेकिन उनमें से कोई भी पेश नहीं हुआ। सूत्रों ने बताया कि विलास मोहिते यशवंत जाधव की बीएमसी के काम की देखरेख करते थे, जबकि विनीत जाधव बिमल अग्रवाल की कंपनी न्यूजहॉक मल्टीमीडिया प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक थे।

मातोश्री‘ को 2 करोड़ का गिफ्ट दिया गया

कुछ दिन पहले ही जांच के दौरान आयकर विभाग के अधिकारियों को एक डायरी मिली थी, जिसमें संदिग्ध ट्रांजेक्शन की बात सामने आई है। अधिकारियों का कहना है कि इस डायरी में दो ऐसी ट्रांजेक्शंस मिली हैं, जिनसे संदेह पैदा होता है। अधिकारियों ने कहा कि 50 लाख रुपये की एक घड़ी और 2 करोड़ रुपये का एक अन्य गिफ्ट ‘मातोश्री’ को दिया गया है। बता दें कि मातोश्री उद्धव ठाकरे का आवास है, जो मुंबई के बांद्रा में स्थित है।

Exit mobile version