Site icon Samagra Bharat News website

 बीडीए के निशाने पर सपा विधायक शहजिल इस्लाम का फार्म हाउस और मकान

समग्र समाचार सेवा

बरेली, 10 अप्रैल। गोलियां चलाने वाल बयान देकर चर्चा में आए सपा विधायक शहजिल इस्लाम की मुश्किलें पेट्रोल पंप पर बुलडोजर चलने तक सीमित नहीं हैं। उनका मकान, बरातघर और फार्म हाउस भी संदेह में घिर गया है। शुक्रवार को बरेली विकास प्राधिकरण ने नोटिस भेजकर इन भवनों के मानचित्र स्वीकृति के प्रमाण मांगे हैं। उनका पेट्रोल पंप भी सीलिंग की जमीन पर होने के अंदेशा जताते हुए डीएम से जांच का अनुरोध किया गया।

सीबीगंज स्थित पेट्रोल पंप ध्वस्त कर दिया गया

शुक्रवार को भोजीपुरा से सपा विधायक शहजिल इस्लाम का सीबीगंज स्थित पेट्रोल पंप ध्वस्त कर दिया गया था। बरेली विकास प्राधिकरण का कहना था कि बिना नक्शा स्वीकृति इसे बनाया गया। इस कार्रवाई के बाद बीडीए उपाध्यक्ष जो गदर सिंह ने डीएम शिवाकांत द्विवेदी को पत्र भेजकर शहजिल इस्लाम के पेट्रोल पंप की अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) निरस्त करने और भूमि सीलिंग की होने की आशंका के चलते जांच कराने का अनुरोध किया। मामले का संज्ञान लेकर डीएम शिवाकांत द्विवेदी ने जांच के लिए एसडीएम सदर को निर्देशित किया है।

इसलिए एनओसी की जाए निरस्त

वर्ष 2019 में जब पेट्रोल पंप के लिए प्रशासन की ओर से एनओसी जारी की गई तो उसमें यह शर्त थी कि बीडीए से तीस दिन में नक्शा पास करा लिया जाएगा। नक्शा पास नहीं होने पर एनओसी स्वत: निरस्त मानी जाएगी। एनओसी लेने के लिए शपथ पत्र भी प्रस्तुत किया गया। बावजूद इसके बीडीए से नक्शा पास नहीं कराया गया। इस आधार पर उपाध्यक्ष ने अपने पत्र में पेट्रोल पंप की एनओसी निरस्त करने के लिए लिखा है। कहा है कि बीडीए ने पेट्रोल पंप का नक्शा पास नहीं किया और ध्वस्त भी कर दिया है। इसलिए यह माना जाना चाहिए की एनओसी स्वत: निरस्त हो गई है।

सीलिंग विभाग की नहीं पाई गई एनओसी

विधायक शहजिल इस्लाम के पेट्रोल पंप का नक्शा पास कराने के लिए बीडीए में जो दस्तावेज दाखिल किए थे, उनमें नगर भूमि सीमा रोपण विभाग से एनओसी पश नहीं की गई है। पेट्रोल पंप की भूमि की सीलिंग विभाग से एनओसी नहीं होने के कारण संदिग्ध मानते हुए उपाध्यक्ष ने डीएम से सीलिंग विभाग से भी जांच कराने का अनुरोध किया है। इस बाबत जांच की तैयारी भी प्रशासन ने कर ली है।

Exit mobile version