Site icon Samagra Bharat News website

हिमाचल प्रदेश आप में गहराया संकट, नेताओं का भाजपा में जाना जारी, पार्टी ने भंग की इकाई

समग्र समाचार सेवा

शिमला, 12 अप्रैल। हिमाचल प्रदेश में नेताओं के दल बदल से परेशान आम आदमी पार्टी ने सोमवार इकाई को भंग कर दिया है। पार्टी के प्रदेश चुनाव प्रभारी और दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने यह घोषणा की। खास बात है कि हाल ही में आप के प्रदेश प्रमुख समेत कई बड़े नेताओं ने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया था। वहीं, पार्टी का कहना है कि आने वाले समय में और आप नेता भाजपा में शामिल हो सकते हैं।

नई प्रदेश कार्यकारी समिति का पुनर्गठन किया जाएगा

जैन ने ट्वीट किया, ‘हिमाचल प्रदेश की आम आदमी पार्टी की राज्य कार्यसमिति भंग कर दी गई है। नई प्रदेश कार्यकारी समिति का पुनर्गठन किया जाएगा।’ इसे लेकर पार्टी ने प्रेस नोट भी जारी कर दिया है। पार्टी ने जानकारी दी कि विधानसभाओं की इकाइयां पहले की तरह ही काम करती रहेंगी।

बड़े नामों का भाजपा में जाना जारी

तीन दिन पहले ही आप के प्रदेश अध्यक्ष रहे अनूप केसरी पार्टी संगठन सचिव के साथ भाजपा में शामिल हो गए थे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के दौरे से कुछ घंटों पहले ही यह बड़ा फेरबदल हुआ था। वहीं, आप की महिला मोर्चा प्रमुख ममता ठाकुर ने भी पांच अन्य पदाधिकारियों के साथ दिल्ली में भाजपा की सदस्यता ली। अन्य लोगों में सोनिया बिंदल और संगीता, डीके शर्मा, आशीष कुमार का नाम शामिल है। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने दावा किया है कि आप के और नेता भी जल्द भाजपा में शामिल हो सकते हैं।

आप की तैयारियां जोरों पर!

पहाड़ी राज्य में आप ने भी अपने चुनावी अभियान की शुरुआत कर दी है। उन्होंने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के गढ़ मंडी से अभियान का आगाज किया। दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पंजाब के सीएम भगवंत मान के साथ 6 अप्रैल को रोड शो किया था। इसके अलावा आप ने शिमला नगर निगम चुनाव लड़ने का भी ऐलान कर दिया है।

Exit mobile version