Site icon Samagra Bharat News website

भगवंत मान कल दिल्ली के सरकारी स्कूलों का करेंगे दौरा

समग्र समाचार सेवा

चंडीगढ़, 17 अप्रैल। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान अपने कैबिनेट मंत्रियों के साथ सोमवार को दिल्ली के सरकारी स्कूलों और मोहल्ला क्लीनिकों का दौरा करेंगे। उनके साथ दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी होंगे। केजरीवाल ने गुरुवार को घोषणा की थी कि उनके पंजाब समकक्ष भगवंत मान और उनके मंत्री सोमवार को दिल्ली के सरकारी स्कूलों का दौरा करेंगे, ताकि आप सरकार द्वारा उनमें लाए गए “उल्लेखनीय सुधार” को देख सकें।

दिल्ली से “रिमोट कंट्रोल” का लगा था आरोप

उनकी यह टिप्पणी उस समय आई है जब विपक्षी दलों ने आरोप लगाया था कि भगवंत मान की अनुपस्थिति में केजरीवाल द्वारा शहर में राज्य के शीर्ष नौकरशाहों के साथ बैठक करने के बाद पंजाब सरकार दिल्ली से “रिमोट कंट्रोल” के माध्यम से चलाई जा रही थी। बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर की जयंती मनाने के लिए त्यागराज स्टेडियम में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा था कि उनकी सरकार ने सरकारी स्कूलों में इस हद तक सुधार किया है कि दुनिया भर से लोग इन “उल्लेखनीय परिवर्तनों” को देखने आ रहे हैं।

 एमके स्टालिन ने भी किया था सरकारी स्कूलों का दौरा

हाल ही में, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ सरकारी स्कूलों और मोहल्ला क्लीनिकों का दौरा किया। एक अप्रैल को स्कूलों का दौरा करने वाले स्टालिन ने कहा था कि उनकी सरकार तमिलनाडु में दिल्ली के सरकारी स्कूलों के मॉडल की नकल कर रही है।

Exit mobile version