Site icon Samagra Bharat News website

जहांगीरपुरी बवाल में सनसनीखेज खुलासा: सोनू चिकना बोला-एक दिन पहले ही हो गई थी उपद्रव की तैयारी

समग्र समाचार सेवा

नई दिल्ली, 20 अप्रैल। जहांगीरपुरी में शोभा यात्रा के दौरान गड़बड़ी फैलाने की साजिश पहले ही रची जा चुकी थी। यात्रा के एक दिन पहले इसके पूरे इंतजाम किए गए थे। इस बात का खुलासा आरोपी सोनू चिकना उर्फ इमाम उर्फ यूनुस ने किया है। इस खुलासे की गवाही मौके से मिले एक दिन पहले के सीसीटीवी फुटेज भी दे रहे हैं। पुलिस की पूछताछ में सोनू से अपना गुनाह कबूल कर लिया है। उसने बताया है कि हनुमान जयंती के दिन कुशल चौक के पास फायरिंग की थी। पुलिस ने सोनू के कब्जे से पिस्टल बरामद कर ली गई है। आरोपी ने बताया कि उसने पिस्टल को काफी पहले अपने एक परिचित से लिया था और घर में रख रखा था।

सोनू पर कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं

पुलिस के अधिकारिक सूत्रों ने बताया कि सोनू पर कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है। वह मूलत: हल्दिया पश्चिम बंगाल का रहने वाला है। वह आठ भाई और तीन बहन हैं। हिंसा के मामले में उसका भाई सलीम गिरफ्तार हो चुका है और उस पर लूट और हत्या का प्रयास का मामला है।

17 अप्रैल को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था

17 अप्रैल को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था। जिसमें 28 साल का सोनू नीले कुर्ते में गोली चलाता हुआ दिख रहा था। वीडियो के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान की और उसे सोमवार शाम गिरफ्तार कर लिया। इससे पूर्व दिन में पुलिस ने सोनू के घर पर दबिश दी थी। जहां उसके परिवार वालों ने पुलिस पर पथराव कर दिया था। पथराव में निरीक्षक सतेंद्र खारी घायल हो गए थे।

अंसारसलीम और असलम कर रहे थे तैयारी

सोनू ने पूछताछ में बताया कि उसे एक दिन पहले ही शोभा यात्रा में गड़बड़ी किए जाने की जानकारी मिली। उसने बताया कि काफी दिनों से अंसार, सलीम और असलम इसकी तैयारी कर रहे थे। हर साल इस इलाके में शोभा यात्रा निकाली जाती है। आरोपियों ने इस बार गड़बड़ी फैलाने की साजिश रची। इस बीच पुलिस के हाथ एक सीसीटीवी फुटेज लगा है। जिसमें घटना के एक दिन पहले देर रात दो बजे कुछ युवक लाठी डंडे का इंतजाम करते हुए देखे जा रहे हैं।

Exit mobile version