Site icon Samagra Bharat News website

अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस की रक्षा सलाहकार बनीं शांति सेठी

समग्र समाचार सेवा

न्यूयार्क, 21 अप्रैल। भारतीय मूल की अमेरिकी उप राष्ट्रपति कमला हैरिस की रक्षा सलाहकार के पद पर भारतीय मूल की ही सेवानिवृत्त अमेरिकी नौसैनिक अफसर शांति सेठी को नियुक्त किया गया है। पोलिटिको के मुताबिक, इस बात की पुष्टि कमला हैरिस की वरिष्ठ सलाहकार हरबी जिस्केंड ने की। शांति सेठी को एक्जिक्यूटिव सेक्रेटरी का भी टाईटल मिल चुका है। अमेरिका की नौसेना में शांति सेठी ने 29 साल की उल्लेखनीय सेवा दी। इसके बाद वे कैप्टन के पद से सेवानिवृत्त हुईं थीं।

अमेरिकी युद्धपोत की भी कमान संभाली थी

शांति सेठी ने अपने कार्यकाल में अमेरिकी युद्धपोत की भी कमान संभाली थी। यह युद्धपोत मिसाइल विध्वंसक है और इसमें 33 कमीशंड अफसरों समेत 281 नौसैनिक तैनात रहते हैं। वह अपनी कमान में इस जहाज को लेकर वर्ष 2011 में चेन्नई भी आई थीं। वह छठें फ्लीट टास्क फोर्स 64 की भी कमांडिंग अफसर रही हैं। वह सभी सैन्य सेवाओं में इंटीग्रेटेड एयर व डिफेंस मिसाइल प्रणाली की अंतरराष्ट्रीय नीति की एक्शन अफसर भी रही हैं। उनका जन्म अमेरिका के नेवाडा राज्य के रेनो में हुआ। उनके पिता भारत से 1960 में अमेरिका आ गए थे।

अमेरिका में मनाई जा रही भारत की आजादी की 75वीं वर्षगांठ

अमेरिका में भारत की आजादी की 75वीं वर्षगांठ मनाने के लिए कार्यक्रम की शुरुआत की गई है। सप्ताहभर चलने वाले इस कार्यक्रम के तहत पारंपरिक पेंटिंग, संगीत और कथा वाचन में भारत के लोगों, संस्कृति और उपलब्धियों के गौरवशाली इतिहास की झलक देखने को मिलेगी। न्यूयार्क में भारतीय महावाणिज्य दूतावास, द कल्चरल ट्री और बच्चों के मैनहट्टन संग्रहालय ने सोमवार को विशेष गतिविधियां एवं आपसी संवाद कार्यक्रम शुरू किए।

न्यूयार्क में बिहार फाउंडेशन का ईस्ट कोस्ट चैप्टर शुरू

न्यूयार्क में बिहार फाउंडेशन का ईस्ट कोस्ट चैप्टर शुरू किया गया है। इसका लक्ष्य क्षेत्र में बिहार के प्रवासी समुदाय से संपर्क साधना है। बिहार फाउंडेशन बिहार सरकार का प्रवासी सेल है। राज्य के उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद इसके अध्यक्ष हैं।

Exit mobile version