Site icon Samagra Bharat News website

राजस्थान को तालिबान बना दिया, महिला उत्पीड़न और मंदिर तोड़ने में पहले नंबर पर प्रदेश: राज्यवर्धन सिंह राठौर

समग्र समाचार सेवा

जयपुर, 23 अप्रैल। पूर्वी केंद्रीय मंत्री और भाजपा सांसद राज्यवर्धन सिंह राठौर ने राजस्थान की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर राज्य को तालिबान बना देने का आरोप लगाया। अलवर की घटना पर बोलते हुए राठौर ने कहा, “राजस्थान को तालिबान बना दिया है। हमारा प्रदेश जो बहादुरी व महिला सम्मान के लिए जाना जाता था वो अब महिला उत्पीड़न में पहले नंबर पर है। मंदिर तोड़ने में राज्य पहले नंबर पर है, जैसे किसी एक विशेष समुदाय के लिए सरकार चला रहे हों।”

दो मंदिरों को ध्वस्त किए जाने को लेकर भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने

अलवर जिले के राजगढ़ कस्बे में अतिक्रमण रोधी अभियान के दौरान दो मंदिरों को ध्वस्त किए जाने को लेकर भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने हैं। राजगढ़, कांग्रेस शासित राज्य में भाजपा शासित नगरपालिका है। अलवर से भाजपा सांसद बालकनाथ ने आरोप लगाया कि इस सप्ताह की शुरुआत में की गई कार्रवाई में एक मंदिर की प्रतिमा को भी नुकसान पहुंचा है। राजस्थान के मंत्री शांति धारीवाल ने भाजपा पर आरोप लगाया और कहा कि राज्य सरकार मामले पर नजर रख रही है।

एक सड़क को चौड़ा करने का दिया गया हवाला

गौरतलब है कि राजगढ़ में रविवार और सोमवार को दो मंदिरों और कुछ दुकानों को ध्वस्त कर दिया गया। अधिकारियों ने कस्बे में एक सड़क को चौड़ा करने के लिए की गई इस कार्रवाई को अतिक्रमण रोधी अभियान बताया है। उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई की मंजूरी भाजपा शासित राजगढ़ नगरपालिका बोर्ड ने दी थी और कार्रवाई में किसी भी प्रतिमा या गर्भगृह को नुकसान पहुंचने से इंकार किया है।

भाजपा का दावा-यह 300 साल पुराना मंदिर

भाजपा के राज्यसभा सदस्य किरोड़ी मल मीणा शुक्रवार को राजगढ़ पहुंचे और मंदिर गिराए जाने के खिलाफ पुलिस थाने के समक्ष धरने पर बैठ गए। भाजपा का दावा है कि यह मंदिर 300 साल पुराना था। भाजपा ने कहा कि कांग्रेस को इसका नतीजा भुगतना होगा। भाजपा की राजस्थान इकाई के प्रमुख सतीश पूनिया ने इस कार्रवाई के पीछे कांग्रेस का हाथ होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर आये वीडियो में एक बुलडोजर को प्राचीन शिव मंदिर को ढहाते देखा जा सकता है।

Exit mobile version