Site icon Samagra Bharat News website

गुजरात में कांग्रेस को झटका देने की तैयारी में हार्दिक पटेल, डीपी से पंजा गायब, ओढ़ ली है भगवा शॉल

समग्र समाचार सेवा

अहमदाबाद, 25 अप्रैल। गुजरात कांग्रेस के नेताओं पर खुद को किनारे करने का आरोप लगाने वाले हार्दिक पटेल के तेवर ही नहीं अब कलेवर भी बदले नजर आ रहे हैं। वॉट्सऐप पर उनकी नई डीपी तो यही संकेत देती है। अब तक कांग्रेस के चुनाव चिह्न पंजे के साथ नजर आने वाले हार्दिक पटेल ने भगवा शॉल ओढ़ ली है।

बायो से भी खुद के कांग्रेस नेता का परिचय हटा दिया

इसके अलावा बायो से भी खुद के कांग्रेस नेता का परिचय हटा दिया है। अब उन्होंने खुद को प्राउड इंडियन, सामाजिक-राजनीतिक कार्यकर्ता और मानवता में यकीन करने वाला शख्स बताया है। इस पूरे परिचय में कांग्रेस का कहीं भी जिक्र नहीं है, हालांकि अब भी उन्होंने पाटीदार नेता का अपना परिचय बरकरार रखा है।

भाजपा में जाने की सुगबुगाहट तेज

उनकी इस नई डीपी से एक बार फिर से कयास तेज हो गए हैं कि क्या हार्दिक पटेल कांग्रेस का हाथ छोड़ भाजपा के साथ जा रहे हैं। बीते कई महीनों से वह कांग्रेस में बागी तेवर दिखा रहे हैं। पिछले दिनों तो उन्होंने एक इंटरव्यू में यहां तक कह दिया था कि कांग्रेस के ही नेता नहीं चाहते कि अब मैं पार्टी में रहूं। उन्होंने कहा कि उन्हें गुजरात में कोई जिम्मेदारी नहीं दी गई है। यही नहीं उनका कहना था कि गुजरात में चुनाव करीब हैं, लेकिन कांग्रेस की कोई तैयारी नही हैं, जबकि भाजपा में मजबूत स्थिति में है।

हार्दिक ने खुद को बताया था रामभक्त

हार्दिक पटेल को लेकर कयास उस वक्त और तेज हो गए, जब पिछले दिनों उन्होंने खुद को राम भक्त बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने राम मंदिर बनाया है और आर्टिकल 370 को हटाकर बड़ा काम किया है। आमतौर पर कांग्रेस के नेता इन मुद्दों पर बात नहीं करते हैं, लेकिन भाजपा की इस तरह से तारीफ ने हार्दिक पटेल को लेकर कयास तेज कर दिए हैं। यदि विधानसभा चुनाव से पहले वह भाजपा में शामिल होते हैं तो भगवा दल को इससे बड़ी ताकत मिलेगी।

Exit mobile version