Site icon Samagra Bharat News website

यमन में गिरफ्तार सात भारतीय नाविक रिहा, विदेश मंत्री ने ओमानी समकक्ष को कहा थैंक्यू

समग्र समाचार सेवा

नई दिल्ली, 25 अप्रैल। यमन में गिरफ्तार सात भारतीय नाविक समेत कुल 14 लोगों की रिहा कराया गया है। सभी को यमन की राजधानी सना में रखा गया था। इस संबंध में ओमान के विदेश मंत्री बद्र अलबुसैदी ने जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सात भारतीय नाविक रविवार को हूती नियंत्रित यमनी राजधानी सना से रिहा किए गए 14 विदेशियों में शामिल हैं। भारतीय नाविकों और विभिन्न देशों के कम से कम सात अन्य लोगों को यमन के हूती विद्रोहियों ने उस वक्त बंदी बना लिया था जब उन्होंने तीन महीने पहले संयुक्त अरब अमीरात के झंडे वाले एक व्यापारी के जहाज को जब्त कर लिया था।

भारतीय समेत इन लोगों को किया गया रिहा

ओमान के विदेश मंत्री अलबुसैदी ने ट्विटर पर पोस्ट किए गए अपने एक बयान में कहा कि यह पुष्टि करते हुए खुशी हो रही है कि कैप्टन कार्लोस डेमाटा, मोहम्मद जशीम खान, अयानाचेव मेकोनेन, दीपाश मुता परम्बिल, अखिल रेघु, सूर्य हिदायत प्रतामा, श्रीजीत सजीवन, मोहम्मद मुनवर समीर, संदीप सिंह, ल्यूक साइमन और उनकी पत्नी और बच्चे, मौंग थान और वीरा वीएसएसजी वासमसेट्टी को रिहा कर दिया गया है।

सभी 14 लोगों को ले जाया गया है मस्कत

ओमानी विदेश मंत्री ने कहा कि जो लोग रिहा हुए हैं वे अब ओमान की देखरेख में हैं। उन्होंने कहा कि यमन की ओर से किए गए मानवीय सहायता के लिए हम आभारी हैं। ओमान के विदेश मंत्रालय ने कहा कि सभी 14 लोगों को ओमान रॉयल एयर फ़ोर्स के विमान में मस्कत ले जाया गया है।  अलबुसैदी के ट्वीट का जवाब देते हुए विदेश मंत्री एस जयशंकर ने मामले में ओमान की मदद के लिए उनका शुक्रिया अदा किया। जयशंकर ने ट्वीट किया, “मदद और सहायता के लिए मेरे दोस्त को धन्यवाद। उनकी सुरक्षित घर वापसी के लिए हम तत्पर हैं।

Exit mobile version