Site icon Samagra Bharat News website

यस बैंक घोटाले में मुंबई और पुणे में संदिग्‍धों के ठिकानों पर सीबीआई  के छापे   

समग्र समाचार सेवा

मुंबई, 30 अप्रैल। यस बैंक घोटाले को लेकर सीबीआइ आज मुंबई और पुणे में स्थित संदिग्धों के आवासों और कार्यालयों में आठ स्‍थानों पर तलाशी ले रही है। गौरतलब है कि इस मामले में अभी हाल ही में बिल्डर संजय छाबड़िया को भी गिरफ्तार किया गया है। ये गिरफ्तारियां यस बैंक-डीएचएफएल घोटाले को लेकर की गई है। संजय छाबड़िया रेडियस ग्रुप के प्रमोटर हैं।

संजय छाबड़िया जांच में सहयोग नहीं कर रहे

ज्ञात हो कि सीबीआई ने 15 फरवरी को संजय छाबड़िया और उनकी कंपनी के 15 ठिकानों पर छापेमारी की थी, जिसमें मामले से जुड़े कई अहम दस्तावेज बरामद किए गए थे। सीबीआई ने आरोप लगाया कि संजय छाबड़िया जांच में सहयोग नहीं कर रहे हैं। केंद्रीय जांच एजेंसी मार्च 2020 से इस मामले की जांच कर रही थी।

फरवरी में सीबीआई ने रेडियस डेवलपर्स के 15 स्थानों पर मारे थे छापे

यस बैंक घोटाला मामले में, सीबीआई ने इस साल फरवरी में मुंबई और पुणे सहित रेडियस डेवलपर्स के 15 स्थानों पर छापा मारा था। सीबीआई ने रेडियस ग्रुप के संजय छाबड़िया के परिसरों की भी तलाशी ली थी। दरअसल, रेडियस डेवलपर्स पर डीएचएफएल का करीब 3000 करोड़ रुपये बकाया है। इस छापेमारी के जरिए सीबीआई उन लोगों पर शिकंजा कस रही थी, जिन्होंने यस बैंक से कर्ज लेकर कर्ज नहीं चुकाया।

ईडी दायर कर चुकी है चार्जशीट

इससे पहले साल 2020 में प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी ने भी इस घोटाले के पूर्व मुख्य कार्यकारी अधिकारी और यस बैंक के प्रबंध निदेशक राणा कपूर और अन्य आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी। ईडी ने अपनी चार्जशीट में लिखा था कि राणा कपूर ने नियमों की अवहेलना कर कर्ज दिया, जिसके एवज में दूसरी कंपनियों से जुड़े आरोपियों ने अपने परिवार से जुड़ी कंपनियों में पैसा लगाया। ईडी को इस मामले में मनी लॉन्ड्रिंग के सबूत भी मिले थे, जिसकी गहनता से जांच की गई थी।

Exit mobile version