Site icon Samagra Bharat News website

प्रधानमंत्री मोदी ने जर्मन चांसलर ओलाफ के साथ की बैठक, द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने पर चर्चा

समग्र समाचार सेवा

बर्लिन, 2 मई। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने सोमवार को यहां जर्मन चांसलर ओलाफ शाल्ज के साथ बैठक की। खबरों के मुताबिक दोनों नेता भारत और जर्मनी के बीच सहयोग का विस्तार करने के लिए तत्पर हैं। प्रधानमंत्री कार्यालय ने ट्वीट कर कहा कि भारत और जर्मनी के बीच द्विपक्षीय सहयोग को विस्तार देने के लिए पीएम मोदी और जर्मन चांसलर शाल्‍ज ने बर्लिन में बैठक की। यही नहीं दोनों देशों के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की भी बातचीत हुई।

व्यापार के साथ-साथ सांस्कृतिक संबंधों को बढ़ावा दिया जाएगा

पीएमओ की ओर से साझा की गई जानकारी के मुताबिक बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने भारत और जर्मनी के बीच द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा की। इसमें व्यापार के साथ-साथ सांस्कृतिक संबंधों को भी बढ़ावा दिया जाना शामिल है। इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी  ने जर्मन चांसलर की उपस्थिति में गार्ड आफ आनर प्राप्त किया।

अपनी तीन दिवसीय यूरोप यात्रा के पहले चरण में जर्मनी पहुंचे

अपनी तीन दिवसीय यूरोप यात्रा के पहले चरण में जर्मनी पहुंचे पीएम मोदी का बर्लिन में भारतीय प्रवासियों ने भी जोरदार स्वागत किया। प्रधानमंत्री ने भारतीय समुदाय के उन सदस्यों का अभिवादन किया जो बर्लिन के होटल एडलान केम्पिंस्की में उनके आने की बाट जोह रहे थे। होटल में कई बच्चे अपने माता-पिता के साथ प्रधानमंत्री मोदी के आगमन पर मौजूद थे।

वंदे मातरम‘ और भारत माता की जय‘ के नारे लगाए

प्रधानमंत्री मोदी के अभिवादन में भारतीय मूल के लोगों ने ‘वंदे मातरम’ और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए। बर्लिन में फेडरल चांसलर के लिए रवाना होने से पहले पीएम मोदी को भारतीय प्रवासियों ने बधाई दी। जर्मनी की यात्रा के दौरान पीएम मोदी और ओलाफ शाल्ज छठे भारत जर्मनी अंतर सरकारी परामर्श बैठक की सह-अध्यक्षता भी करेंगे। एक उच्च स्तरीय गोलमेज बैठक भी निर्धारित है जहां प्रधानमंत्री मोदी और जर्मन चांसलर दोनों देशों के शीर्ष सीईओ के साथ बातचीत करेंगे।

कल डेनमार्क जाने का भी कार्यक्रम

नार्डिक देशों के नेताओं के साथ बातचीत करने के लिए पीएम मोदी का मंगलवार को डेनमार्क जाने का भी कार्यक्रम है। पीएम मोदी की यात्रा का अंतिम पड़ाव पेरिस होगा जहां बुधवार को वह नवनिर्वाचित फ्रांसीसी राष्‍ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मुलाकात करेंगे। फ्रांस भारत का मजबूत सहयोगी देश है। ऐसे में पीएम मोदी और मैक्रों के बीच होने वाली बैठक पर दुनिया की नजरें होंगी।

Exit mobile version