Site icon Samagra Bharat News website

मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी, हरियाणा, राजस्थान, मप्र को झुलसाएगी लू

Loo Lagne Par Kya Kare in Hindi लू लगने पर क्या करे

समग्र समाचार सेवा

नई दिल्ली, 7 मई। देश की राजधानी दिल्ली में शनिवार को तेज धूप रही। पिछले दिनों हुई बारिश के बाद  दिल्ली का तापमान एक बार फिर बढ़ गया है। देश के बाकी राज्यों में भी भीषण गर्मी और लू से लोग काफी परेशान हैं। इसके साथ ही भातीय मौसम विज्ञान विभाग ने देश के कई राज्यों में भीषण लू चलने की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार, 7 से 11 मई के दौरान विदर्भ में और 08-11 मई के दौरान पश्चिमी राजस्थान में अलग-अलग क्षेत्रों में हीट वेव (लू) की स्थिति रहेगी। 9 से 11 मई के दौरान दक्षिण हरियाणा और पूर्वी राजस्थान में गर्म हवाएं चलेंगी। 8 और 9 मई को पश्चिम मध्य प्रदेश और 10 और 11 मई को दक्षिण पंजाब और जम्मू डिवीजन में भीषण लू चलने के आसार हैं।

दक्षिण अंडमान सागर में बना कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय हो गया

तटीय क्षेत्रों में मौसम विभाग की तरफ से कहा गया है कि दक्षिण अंडमान सागर में बना कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय हो गया है। वर्तमान कम दबाव के क्षेत्र में तब्दील होकर दक्षिण पूर्व बंगोपसागर में सक्रिय है। अगले कुछ घंटों में यह अधिक सक्रिय होकर गहरे दबाव में तब्दील हो जाएगा। 8 मई शाम तक यह गहरा दबाव अधिक सक्रिय होकर पूर्व केन्द्रीय बंगोपसागर चक्रवात में तब्दील हो जाएगा।

ओडिशा के अलग-अलग स्थानों में होगी भारी बारिश

शनिवार को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा के साथ अधिकांश स्थानों पर वर्षा होने की संभावना है। 10 मई को तटीय ओडिशा में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा की भविष्यवाणी की गई है।

तेलंगाना में गरज और बिजली चमकने के साथ होगी तेज बारिश

तेलंगाना में अगले 3-4 दिनों के दौरान गरज और बिजली चमकने के साथ बारिश होने की संभावना है। कुछ जिलों में हवा की गति 30-40 किमी/घंटा रहने का अनुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक नागा रत्न ने कहा कि इसके बाद तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है।

 

Exit mobile version