समग्र समाचार सेवा
पटियाला, 8 मई। भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के नेताजी सुभाष राष्ट्रीय खेल संस्थान-पटियाला (एनएसएनआईएस) के 61वें स्थापना दिवस के अवसर पर केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने शनिवार को प्रीमियर संस्थान में दो नई परियोजनाओं की आधारशिला रखी।
यह एनएसएनआईएस पटियाला के पुनरुद्धार का हिस्सा है, जिसमें सरकार 3 वर्षों में 150 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश कर रही है।
पहली परियोजना डिप्लोमा धारकों की शिक्षा के लिए हाई-टेक स्पोर्ट्स साइंस लैब और स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग हॉल सहित राष्ट्रीय खेल कोचिंग केंद्र की स्थापना है।

दूसरी परियोजना 400 लोगों के बैठने की क्षमता के साथ एक केंद्रीकृत पूरी तरह से वातानुकूलित किचन और फूड कोर्ट और 2000 भोजन तैयार करने की क्षमता वाला एक मॉड्यूलर किचन का निर्माण है।
तीसरी परियोजना परिसर में 2 नए छात्रावासों के निर्माण के साथ छात्रावास की क्षमता में 450 की वृद्धि है।
केंद्रीय खेल मंत्री ने 268 एकड़ में फैले परिसर के अन्य हिस्सों का भी दौरा किया और अनौपचारिक बातचीत के लिए एथलीटों, कोचों और अधिकारियों से मुलाकात की।