Site icon Samagra Bharat News website

शाहीन बाग में अवैध निर्माण गिराने पहुंचा बुलडोजर बिना चले ही वापस लौटा

समग्र समाचार सेवा

नई दिल्ली, 9 मई। राजधानी दिल्ली में अवैध निर्माणों में अतिक्रमण के खिलाफ दिल्ली के जहांगीरपुरी से शुरू नगर निगम का बुलडोजर आज शाहीन बाग तक पहुंच गया। शाहीन बाग में आज सुबह भारी विरोध के बीच अतिक्रमण हटाने की कवायद शुरू की गई थी, लेकिन बुलडोजर चलाने की जरूरत नहीं पड़ी और बुलडोजर बिना चले ही वापस लौट गया। इसके लिए इलाके में भारी संख्या में पुलिस और पैरा मिलिट्री फोर्स के जवान मौके पर तैनात किया गया था। इस कार्रवाई की जानकारी मिलते ही स्थानीय विधायक और आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक अमानतुल्ला खान मौके पर पहुंचे इस कार्रवाई को गलत बताया। इस दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।

एमसीडी वाले मुझे बताएं मैं खुद हटवा दूंगा अतिक्रमणः खान

अमानतुल्ला खान ने कहा कि मस्जिद के सामने एक शौचालय था, जिसे मैंने अपने पैसे से हटवाया। पूरी विधानसभा में जहां-जहां अतिक्रमण है, एमसीडी वाले मुझे बताएं, मैं खुद हटवा दूंगा। ये यहां आकर माहौल खराब कर रहे हैं, राजनीतिकरण किया जा रहा है।

पहले भी अवैध निर्माण गिराने की कार्रवाई रोकी गई थी

जानकारी के अनुसार, दक्षिणी दिल्ली नगर निगम (एसडीएमसी) की मांग पर दिल्ली पुलिस ने आज शाहीन बाग इलाके में एमसीडी को अतिक्रमण हटाने के लिए फोर्स प्रदान करने की बात कही थी। इससे पहले दक्षिणी निगम को अतिक्रमण पर कार्रवाई के लिए पुलिस फोर्स नहीं मिल पाई थी, इस वजह से बुलडोजर की कार्रवाई को 8 मई तक के लिए टाल दिया गया था।

सुप्रीम कोर्ट करेगा मामले पर सुनवाई 

अतिक्रमण हटाने का मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। सुप्रीम कोर्ट मामले पर 2 बजे सुनवाई शुरू करेगा। गौरतलब है कि इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने अवैध निर्माण को हटाने के संबंध में रोक लगा दी थी। दिल्ली के जहांगीरपुरी हिंसा के चलते यह मामला संज्ञान में आया था। हालांकि आज लोगों के विरोध के आगे प्रशासन को झुकना पड़ा और अवैध निर्माण गिराने की कार्रवाई रोक दी गई।

Exit mobile version