Site icon Samagra Bharat News website

एनआईए ने  दाऊद और छोटा शकील के 2 सहयोगियों को पकड़ा

समग्र समाचार सेवा

नई दिल्ली, 13 मई। दाऊद गैंग के खिलाफ नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (एनआईए) ने बड़ी कार्रवाई की है। खबर है कि एजेंसी ने दाऊद इब्राहिम और उसके सहयोगियों से जुड़े डी कंपनी के मामले में दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। इन संदिग्धों को शुक्रवार को एनआईए की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा। इस सप्ताह एनआईए ने  करीब 29 ठिकानों पर तलाशी ली थी। गिरफ्तार हुए दोनों संदिग्ध छोटा शकील के सहयोगी हैं।

पकड़े गए आरोपियों की हुई पहचान

मीडिया में चल रही खबरों के अनुसार, गिरफ्तार हुए आरोपियों की पहचान 59 वर्षीय आरिफ अबुबकर शेख और 59 वर्षीय शब्बीर अबुबकर शेख के रूप में हुई है। एनआईए के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘दोनों डी कंपनी की गैर-कानूनी गतिविधियों को संभालने और मुंबई के पश्चिमी उपनगरीय इलाकों में आतंकवादी वित्तपोषण में शामिल थे।’

पूरा सिंडिकेट दाऊद गैंग सीमा पार से चला रही

खबर है कि इंटरपोल ने पाकिस्तान से इंटरनेशनल सिंडिकेट चलाने वाले छोटा शकील के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया था। वह नशीले पदार्थों की तस्करी और आतंकी गतिविधियों में शामिल है। एक अधिकारी ने बताया, ‘जांच से पता चला है कि पूरा सिंडिकेट दाऊद गैंग सीमा पार से चला रही है। हमने 21 लोगों को पहले ही उनकी भूमिका के लिए तलब किया है।’

कई और संदिग्ध आतंकी एनआईए के रडार पर

जांच टीम में शामिल अधिकारियों के मुताबिक, छोटा शकील का रिश्तेदार सलीम कुरैशी उर्फ सलीम फ्रूट, सुहैल खंडवानी, समीर हिंगोरानी, कथित हवाला संचालक अब्दुल कय्यूम, अजय गोसालिया, मोबिदा भिवंडीवाला, गुड्डू पठान और असलम सरोडिया एनआईए के रडार पर हैं।

Exit mobile version