Site icon Samagra Bharat News website

राहुल गांधी ने स्टेशन पर जाना कुलियों का हाल, ट्रेन से पहुंचे उदयपुर, उदयपुर में भव्य स्वागत

समग्र समाचार सेवा

उदयपुर, 13 मई। कांग्रेस के नव संकल्प चिंतन शिविर का आगाज शुक्रवार को अल सुबह तब हो गया जब कांग्रेस नेता राहुल गांधी मेवाड़ एक्सप्रेस ट्रेन से उदयपुर आ गए। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, राजस्थान प्रभारी अजय माकन, सीडब्ल्यूसी मेम्बर रघुवीर मीणा समेत तमाम नेताओं ने उनकी अगुवाई की। सुरक्षा के लिहाज से रेलवे स्टेशन के अंदर कुछ लोगों को ही जाने दिया गया। बाकी कार्यकर्ताओं को बैरिकेड लगाकर कतार में खड़ा कर दिया। इससे पहले दिल्ली से निकलते वक्त रेलवे स्टेशन पर राहुल गांधी ने कुलियों से बात की और उनकी समस्याएं जानीं।

7:47 बजे चेतक एक्सप्रेस से उदयपुर के सिटी रेलवे स्टेशन पर उतरे

राहुल गांधी ठीक 7:47 बजे चेतक एक्सप्रेस से उदयपुर के सिटी रेलवे स्टेशन पर उतरे। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पायलट व माकन ने राहुल गांधी का फूलों का गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया। राहुल गांधी मुख्यमंत्री के साथ स्टेशन से बाहर आए। राहुल के साथ अन्य नेता भी थे। स्टेशन के बाहर तिरंगा झंडा लेकर खड़े कांग्रेस कार्यकर्ता राहुल गांधी जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे। राहुल व अन्य नेता एसी बस में सवार हुए और सीधे होटल अरावली ताज के लिए रवाना हो गए।

रेलवे स्टेशन पर कार्यकर्ताओं को नहीं मिली एंट्री

इससे पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भीड़ सुबह 7 बजे से ही रेलवे स्टेशन पर लग गई थी। कार्यकर्ता और पदाधिकारी किसी तरह से रेलवे स्टेशन के अंदर जाने का जुगाड़ कर रहे थे, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था इतनी चाकचौबंद थी कि प्रवेश सिर्फ निर्धारित लोगों को ही दिया गया। उदयपुर पहुंचने से पहले राहुल गांधी का हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं ने पटौदी रेलवे स्टेशन पर भव्य स्वागत किया। गांधी कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं के साथ चेतक एक्सप्रेस से शाम को दिल्ली से रवाना हुए थे और रात आठ बजे वह जब पटौदी रेलवे स्टेशन पर पहुंचे तो वहां हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने उनका जमकर स्वागत किया।

राहुल गांधी ने कुलियों से की बात

वहीं दिल्ली से निकलते वक्त राहुल गांधी ने रेलवे स्टेशन पर कुलियों से बातचीत की। कुलियों ने राहुल से ठेकेदारी के खिलाफ बात की। उन्होंने राहुल से सहयोग की उम्मीद जताते हुए कहा कि आज उनकी बात सुनने वाला कोई नहीं है। राहुल गांधी ने सभी कुलियों की बात ध्यान से सुनी। दिल्ली के सराय रोहिल्ला स्टेशन से राहुल गांधी उदयपुर के लिए रवाना हुए।

Exit mobile version