Site icon Samagra Bharat News website

साउथ और नॉर्थ… यही कहते हुए अंग्रेजों ने हमें विभाजित और शासन किया- अक्षय कुमार

समग्र समाचार सेवा
मुंबई, 22मई। बॉक्स ऑफिस पर बॉलीवुड और साउथ फिल्मों के बीच जारी घमासान में अब भाषा को लेकर भी विवाद शुरू हो गया है. साउथ के मशहूर एक्टर किच्चा सुदीप और बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन में हिंदी भाषा को लेकर हुए विवाद पर अब अक्षय कुमार ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है. अक्षय कुमार ने कहा कि उन्हें ये बिल्कुल पसंद नहीं जब कोई फिल्म इंडस्ट्री को साउथ और नॉर्थ के नाम से बुलाता है. यही कहते हुए अंग्रेजों ने हमें विभाजित और शासन किया, लेकिन ऐसा लगता है कि हमने इससे कोई सबक नहीं सीखा है. अक्षय कुमार अपनी फिल्म ‘पृथ्वीराज’ को लेकर प्रमोशन में खूब पसीना बहा रहे हैं.

‘पृथ्वीराज’ में अक्षय कुमार संग सोनू सूद, संजय दत्त और बॉलीवुड में डेब्यू करने जा रही पूर्व मिस वर्ल्ड मानुषी छिल्लर भी हैं. अक्षय की नई फिल्म ‘पृथ्वीराज’ 3 जून को हिंदी, तमिल और तेलुगू में रिलीज होगी. चंद्रप्रकाश द्विवेदी द्वारा निर्देशित, ‘पृथ्वीराज’ भारतीय योद्धा राजा पृथ्वीराज चौहान के बारे में है. फिल्म में अक्षय मुख्य भूमिका निभा रहे हैं. भाषा विवाद पर इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट में अक्षय के हवाले से कहा, ‘मैं इस विभाजन में विश्वास नहीं करता, मुझे इससे नफरत है जब कोई कहता है कि साउथ इंडस्ट्री या नॉर्थ इंडस्ट्री, हम सभी एक इंडस्ट्री हैं. मुझे लगता है कि हमें यह सवाल पूछना बंद कर देना चाहिए.’

अक्षय ने आगे कहा, ‘यह महत्वपूर्ण है कि हम यह समझें कि इसी तरह अंग्रेज आए और हमें विभाजित किया, उन्होंने हम पर आक्रमण किया और हम पर शासन किया. ऐसा लगता है कि हमने अपना सबक नहीं सीखा है, हम अभी भी इसे समझ नहीं रहे हैं. जिस दिन हम समझ जाएंगे कि हम सब एक उद्योग हैं, मुझे लगता है कि चीजें बहुत बेहतर तरीके से काम करना शुरू कर देंगी. यह शब्द ‘पैन-इंडिया’ फिल्में और सब, वो मेरी समझ की बहार है, मैं बस चाहता हूं कि सभी फिल्में काम करें, और अंत में यही जरूरी है.’

Exit mobile version