समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 24मई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 23 मई 2022 को जापान में 700 से अधिक प्रवासी भारतीयों को संबोधित किया और उनके साथ बातचीत की।
कार्यक्रम से पहले, प्रधानमंत्री ने जापानी इंडोलॉजिस्ट, खिलाड़ियों और सांस्कृतिक कलाकारों से मुलाकात की, जो भारत और जापान के बीच सांस्कृतिक संबंधों और एक दूसरे के देश के लोगों की आवाजाही को बढ़ावा देने में योगदान दे रहे हैं। प्रधानमंत्री ने जापान में प्रवासी भारतीय सम्मान पुरस्कार विजेताओं से भी मुलाकात की। जापान में 40,000 से अधिक प्रवासी भारतीय हैं।
प्रधानमंत्री ने भारतीय समुदाय के सदस्यों के कौशल, प्रतिभा और उद्यमशीलता और मातृभूमि के साथ उनके जुड़ाव की सराहना की। स्वामी विवेकानंद और रवीन्द्र नाथ टैगोर का जिक्र करते हुए, प्रधानमंत्री ने भारत और जापान के बीच मौजूद गहरे सांस्कृतिक संबंधों का भी विशेष तौर पर उल्लेख किया। उन्होंने हाल के वर्षों में भारत में विशेष रूप से बुनियादी ढांचे, शासन, हरित विकास, डिजिटल क्रांति के क्षेत्र में सामाजिक-आर्थिक विकास और सुधार की विभिन्न पहलों की भी चर्चा की । उन्होंने भारतीय समुदाय को ‘भारत चलो, भारत से जुड़ो’ अभियान में शामिल होने और आगे बढ़ने के लिए आमंत्रित किया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सॉफ्टबैंक कॉरपोरेशन के बोर्ड निदेशक और संस्थापक श्री मासायोशी सोन के साथ मुलाकात की

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने टोक्यो में सॉफ्टबैंक कॉरपोरेशन के बोर्ड निदेशक और संस्थापक श्री मासायोशी सोन के साथ मुलाकात की। प्रधानमंत्री ने भारत के स्टार्टअप क्षेत्र में सॉफ्टबैंक की भूमिका की प्रशंसा की। उन्होंने भारत में प्रौद्योगिकी, ऊर्जा और वित्त जैसे प्रमुख क्षेत्रों में सॉफ्टबैंक की भविष्य की भागीदारी के बारे में भी विचार-विमर्श किया।
उन्होंने भारत में ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ को सक्षम बनाने के लिए किए जा रहे विभिन्न सुधारों के बारे में भी चर्चा की। उन्होंने सॉफ्टबैंक के साथ ऐसे विशिष्ट प्रस्तावों को भी साझा किया, जहां वह भारत में अपने निवेश को बढ़ा सकता है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सुजुकी मोटर कॉर्पोरेशन के वरिष्ठ सलाहकार श्री ओसामु सुजुकी के साथ मुलाकात की
उन्होंने सतत विकास के लक्ष्यों को हासिल करने के लिए विद्युत वाहनों और बैटरी के साथ-साथ रीसाइक्लिंग केंद्रों के लिए उत्पादन सुविधाएं स्थापित करने सहित भारत में निवेश के और अवसरों के बारे में भी विचार-विमर्श किया। उन्होंने जापान-भारत विनिर्माण संस्थान (जेआईएम) और जापानी एन्डाउड कोर्सेज (जेईसी) के माध्यम से कौशल विकास सहित भारत में स्थानीय नवाचार प्रणाली के निर्माण की रणनीतियों के बारे में भी चर्चा की।
प्रधानमंत्री की फास्ट रिटेलिंग कंपनी लिमिटेड के चेयरमैन, अध्यक्ष और सीईओ श्री तदाशी यानाई के साथ बैठक
प्रधानमंत्री ने वस्त्र के विनिर्माण केंद्र बनने की भारत की यात्रा में, विशेष रूप से कपड़ा निर्माण में प्रौद्योगिकियों के उपयोग के क्षेत्र में यूनीक्लो को अधिक भागीदारी के लिए आमंत्रित किया। प्रधानमंत्री ने वस्त्र क्षेत्र को और मजबूत करने के उद्देश्य से शुरू की गयी पीएम-मित्र योजना में भी भाग लेने के लिए यूनीक्लो को आमंत्रित किया।
प्रधानमंत्री की एनईसी कॉरपोरेशन के अध्यक्ष डॉ. नोबुहिरो एंडो के साथ बैठक
प्रधानमंत्री श्री मोदी और डॉ. एंडो ने औद्योगिक विकास, कराधान और श्रम सहित भारत में व्यवसाय करना आसान बनाने के लिए किए जा रहे विभिन्न सुधारों पर चर्चा की। दोनों प्रतिष्ठित हस्तियों ने नई एवं उभरती प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में भारत में उपलब्ध अवसरों के बारे में भी विचार विमर्श किया।