Site icon Samagra Bharat News website

जेल में दशहरी आम और कीवी खाते मिला मुख्तार अंसारी, डिप्टी जेलर सहित पांच को किया गया सस्पेंड

समग्र समाचार सेवा
लखनऊ, 8जून। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने जेल में बंद माफिया मुख्तार अंसारी की खातिरदारी करने पर जेल अधिकारियों पर बड़ी कार्रवाई की है। डिप्टी जेलर सहित पांच पुलिस अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया गया। दरअसल छह जून को रात करीब नौ बजे डीएम और एसपी भारी सुरक्षा बलों के साथ जेल का निरीक्षण करने पहुंचे थे। उस समय जेल का गेट बंद मिला और सीनियर अफसरों को करीब 15 मिनट तक बाहर ही इंतजार करना पड़ा।
सीनियर अफसर जेल अधिकारियों के ऐसे व्यवहार से नाराज हो गए और अंदर कुछ गैरकानूनी होने का शक हुआ। जेल का गेट खुलते ही जब डीएम और एसपी परिसर में दाखिल हुए बारीकी से जायजा लिया गया। डीएम और एसपी की नजर डॉन मुख्तार अंसारी की बैरक पर भी पड़ी जहां बहुत सारे दशहरी आम, कीवी और दूसरा सामान मिला। मुख्तार की सुरक्षा में तैनात जेलकर्मी भी बगैर बॉडी कैम के मिले।

मामले में जब जेल अधिकारियों से सवाल पूछे गए तो वो जवाब नहीं दे पाए और प्रशासन को इसकी रिपोर्ट भेजी गई। अब इसपर कार्रवाई करते हुए डिप्टी जेलर वीरेश्वर प्रताप सिंह और सहित पांच सुरक्षाकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया।

Exit mobile version