Site icon Samagra Bharat News website

राजस्थान के उदयपुर में बड़ा हादसा, नींव खोदने के दौरान ढ़ही दुकान, तीन की मौत

समग्र समाचार सेवा
उदयपुर , 9 जून। उदयपुर के सविना इलाके में कृषि मंडी में एक नई दुकान की नींव खोदने के दौरान बड़ा हादसा हो गया. नींव खोदने के दौरान उससे सटी दूसरी दुकान ढ़ह गई जिससे 11 लोग मलबे के नीचे दब गए. इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है और आठ लोग गंभीर रूप से घायल हैं. घायलों को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है. हादसे की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री अशोक गहलोत घायलों से मिलने अस्पताल पहुंचे. गहलोत सरकार की ओर से मृतकों के परिवार को 2-2 लाख और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है.

जानकारी के अनुसार हादसा बुधवार की देर शाम हुआ जब कृषि मंडी की दुकान नंबर 10 पर हुआ. इस दुकान की स्वीकृति सिर्फ फर्स्ट फ्लोर बनाने की ली गई थी. लेकिन इसकी आड़ में अवैध रूप से बगल में एक नई दुकान की नींव खोद दी गई, जिससे पहले वाली दुकान की छत तेज धमाके के साथ गिर गई. हादसे के दौरान दुकान में मालिक विनय कांत, दुकान का अकाउंटेंट, ग्राहक और मजदूरों समेत 11 लोग मौजूद थे. तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और आठ लोग घायल हो गए.

हादसे के बाद कृषि मंडी क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल हो गया. भीड़भाड़ वाला इलाका होने के कारण मौके पर बड़ी तादाद में लोग जमा हो गए. सूचना पर एसडीआरएफ की टीम और पुलिस मौके पर पहुंची. एसडीआरएफ की टीम ने मलबे से रेस्क्यू कर लोगों को बाहर निकाला. लेकिन तब तक 3 लोगों की मौत हो चुकी थी.

Exit mobile version